कोलकाता रेप और हत्या केस के बाद मोदी सरकार ने अस्पतालों की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला किया है। कोलकाता रेप केस के बाद आरजी कर मेडिकल कॉलेज पर असमाजिक तत्वों ने हमला बोल दिया था, जमकर उत्पात मचाा था। इन घटनाओं के बाद सुरक्षा को लेकर देशभर में डॉक्टर प्रदर्शन कर रहे थे, जिसके बाद अब मोदी सरकार ने मेडिकल हॉस्पिटल में 25% सुरक्षा बढ़ाने का आदेश दिया है।
सरकार ने डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए उठाए कई कदम
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव अपूर्व चंद्र के अनुसार केंद्र सरकार के सभी मेडिकल हॉस्पिटल में 25% सुरक्षा बढ़ाने का आदेश दिया है। आदेश में कहा गया है कि जरूरत के आधार पर मार्शल भी बढ़ाए जाएंगे। DGHS की अध्यक्षता में जो कमेटी बनाई जाएगी, वो इनकी समस्याओं पर सुझाव लेंगे। डॉक्टरों की बेसिक समस्याएं जैसे रेस्ट रूम, CCTV सुविधाएं इन सब को ठीक किया जाएगा। हिंसा मामले में 6 घंटे के भीतर FIR दर्ज कराने का आदेश भी दिया गया है।
कौन -कौन से महत्वपूर्ण कदम
- डॉक्टरों की समस्या के समाधान के लिए ड्यूटी रूम बनाया जाएगा
- सीसीटीवी लगेगा, लाइटिंग की प्रॉपर व्यवस्था होगी
- घटना होने पर संस्थान 6 घंटे में एफआईआर करेगा
- पहले पीड़ित को एफआईआर कराना पड़ता था
- डीजीएचएस के नेतृत्व में एक कमिटी बनेगी जिसमें राज्यों के प्रतिनिधि और एनएमसी के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
देश में हो रहे प्रदर्शन
बता दें कि डॉक्टरों की सुरक्षा की मांग को लेकर दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बंगाल, बिहार, गोवा, झारखंड समेत तमाम राज्यों में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। सख्त कानून की मांग की जा रही है। कई जगहों पर डॉक्टरों ने ओपीडी सेवाओं को बंद कर रखा है।
