West Bengal Cabinet Expansion: पश्चिम बंगाल में जल्द ही सुवेंदु सरकार का मंत्रीमंडल विस्तार होगा। रिपोर्ट्स के अनुसार सुवेंदु अधिकारी की सरकार में लगभग तीन दर्जन नए मंत्री शपथ लेंगे। 9 मई को पश्चिम बंगाल में बीजेपी सरकार बनी थी और सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, जिसके बाद अब मंत्रीमंडल विस्तार होने जा रहा है।
नए मंत्रियों की लिस्ट में 35 नाम
पश्चिम बंगाल विधानसभा का बजट सत्र 18 जून से शुरू होने जा रहा है। इससे पहले बंगाल में कैबिनेट विस्तार होना है। मिली जानकारी के अनुसार सोमवार यानि कि 1 जून को बंगाल में कैबिनेट विस्तार हो सकता है। जिसमें 35 बीजेपी के विधायक मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। अभी सुवेंदु सरकार में 5 मंत्री हैं, जिन्होंने 9 मई को ही शपथ ली थी। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी वर्तमान में सरकार के 55 विभागों में से 43 विभागों का कार्यभार संभाल रहे हैं, जबकि भाजपा के वरिष्ठ नेता दिलीप घोष और क्षुदिराम टुडू तीन-तीन विभागों का कार्यभार संभाल रहे हैं। अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया और निशिथ प्रमाणिक दो-दो विभागों का कार्यभार संभाल रहे हैं।
मंत्री बनने की कतार में कई बड़े नाम
मंत्रिमंडल में जगह पाने के लिए कई बड़े नाम कतार में हैं। विधानसभा चुनाव जीतकर आए स्वपन दासगुप्ता, रूपा गांगुली, तापस रॉय और रितेश तिवारी जैसे वरिष्ठ नेता मंत्री पद के मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। इनके अलावा, पिछली विधानसभा में अहम भूमिका निभाने वाले शंकर घोष और बैरकपुर के पूर्व सांसद अर्जुन सिंह को भी मंत्रिपरिषद में शामिल किया जा सकता है। दिलचस्प बात यह है कि भाजपा के टिकट पर जीतकर आए आधे दर्जन से अधिक डॉक्टर स्वास्थ्य मंत्रालय की उम्मीद लगाए बैठे हैं। इसी तरह, नवनिर्वाचित विधायकों में शामिल वकील कानून और श्रम विभाग पर नजरें गड़ाए हुए हैं, जबकि शिक्षक पृष्ठभूमि से आने वाले विधायक स्कूल और उच्च शिक्षा विभाग की उम्मीदों में हैं।
