Cold Wave, Fog IMD Weather Alert: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बुधवार और गुरुवार के लिए दिल्ली में बहुत घने कोहरे (Fog in Delhi) और शीत लहर (Cold Wave) की स्थिति के लिए ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert) जारी किया है।इसने पंजाब और हरियाणा में बुधवार को बहुत घने कोहरे और शीत लहर की स्थिति के लिए रेड अलर्ट और गुरुवार को दोनों राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में बहुत घने कोहरे और शीत लहर की स्थिति के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तरी राजस्थान और उत्तरी मध्य प्रदेश में कोहरे के लिए मौसम विभाग द्वारा जारी एक सलाह में कहा गया है कि यह कुछ हवाई अड्डों, राजमार्गों और रेलवे मार्गों को प्रभावित कर सकता है।
इसमें यह भी कहा गया है कि कोहरे के कारण यात्रा का समय कम होने के साथ-साथ वाहन चलाने में कठिनाई होगी। आईएमडी ने सलाह में कहा, "जब तक एहतियाती कदम नहीं उठाए जाते, इससे कुछ सड़क यातायात टकराव हो सकते हैं।"
घने कोहरे के कारण वाहनों की रफ्तार पर लगाम
दिल्ली एनसीआर समेत पूरे नोएडा और ग्रेटर नोएडा में घने कोहरे के कारण वाहनों की रफ्तार पर लगाम लग चुकी है। विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम है।एक तरफ पारा गिरने से लोगों को ठंड का सामना करना पड़ रहा है, दूसरी तरफ फॉग और फिर प्रदूषण ने लोगो की परेशानी बढ़ा दी है। मंगलवार सुबह से ही पूरे एनसीआर में कोहरे की एक चादर ने वातावरण को ढक रखा है।
एक्सीडेंट होने का खतरा भी लगातार बना हुआ है
घर से अपने गंतव्य को निकलने वाले वाहन चालक इसकी वजह से काफी परेशान हो रहे हैं। घने कोहरे में विजिबिलिटी बेहद ही कम होने के कारण एक्सीडेंट होने का खतरा भी लगातार बना हुआ है।प्रदूषण के मामले में नोएडा-ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में एक्यूआई खतरे के निशान के पार पहुंच गया है। कोहरे और धुंध के चलते प्रदूषण भी लोगों के स्वास्थ्य पर काफी ज्यादा असर डालता हुआ दिखाई दे रहा है।
गाजियाबाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा में एक्यूआई 350 से ऊपर
गाजियाबाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा में एक्यूआई 350 से ऊपर है। इन जिलों में कई जगह ऐसे हैं जहां पर एक्यूआई 400 के पास भी पहुंच गया है। अस्पतालों में कुछ ऐसे भी मरीज आ रहे हैं जिन्हें सांस लेने में तकलीफ का सामना करना पड़ रहा है और वह इस बढ़ते ठंड और प्रदूषण की वजह से हो रहा है।
राजस्थान के कई इलाकों में शीतलहर जारी, कोहरा छाया रहा
राजस्थान के कई इलाकों में मंगलवार को शीतलहर का दौर जारी रहा और कई स्थानों पर घना कोहरा भी देखा गया।मौसम केंद्र के अनुसार, बीते चौबीस घंटे की अवधि के दौरान फतेहपुर और करौली में न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री और संगरिया में 3.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।इसके अनुसार राज्य में इस दौरान मौसम शुष्क रहा और कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। कई जगह शीतलहर जारी रही, जबकि श्रीगंगानगर में 'अति शीत दिवस' दर्ज किया गया। इसके अलावा, श्रीगंगानगर में यह 4.3 डिग्री, अलवर में 4.5 डिग्री, सीकर में 5.0 डिग्री, पिलानी में 5.1 डिग्री तथा चुरू में 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
