Weather News: मैदानी राज्यों और पहाड़ों पर मॉनसून का कहर देखने को मिल रहा है। आफत की बारिश के चलते नदियां उफान पर हैं, तो वहीं पहाड़ों पर लैंडस्लाइड हो रहा है। बारिश के चलते कई शहरों में ट्रैफिक की समस्या बढ़ गई है। राजधानी दिल्ली में बारिश के चलते यमुना उफान पर है और बाढ़ का खतरा अभी बना हुआ है। वहीं मुंबई में बारिश ने लोगों की जिंदगी अस्त-व्यस्त कर दी है। बारिश के चलते कई शहरों में स्कूलों को बंद करना पड़ा है। कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। आपको बताते हैं कि आपके शहर में मौसम का क्या हाल है।
देश के कई राज्यों में आफत की बारिश हो रही है।
दिल्ली एनसीआर में शुक्रवार को भी होगी बारिश
मौसम विभाग ने बताया है कि दिल्ली में आने वाले दो दिनों तक बारिश होने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में बीते तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही है। हालांकि बारिश को लेकर मौसम विभाग ने शुक्रवार को कई अलर्ट नहीं जारी किया है। दिल्ली के कई इलाकों में गुरुवार को बूंदाबांदी देखी गई थी। बीते बुधवार को हुई तेज बारिश से दिल्लीवालों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है।
मुंबईकरों के लिए आफत बन गई है बारिश
बीते दो दिनों से महाराष्ट्र के मुंबई में मूसलाधार बारिश हो रही है। लगातार हो रही बारिश ने मुंबईकरों की परेशानी बढ़ा दी है। इस साल जुलाई के महीने में हुई बारिश ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। पिछले 4 सालों में ऐसा दूसरी बार हुआ है, जब जुलाई माह में बारिश 1500 एमएम दर्ज की गई है। बारिश के चलते कई इलाकों में पानी भर गया है। बारिश के चलते लोकल ट्रेनें लेट हो गईं और कई स्कूलों को बंद करने का आदेश जारी किया गया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
यूपी के किन-किन जिलों में होगी बारिश?
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी है। शुक्रवार को भी भी राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। यूपी के 70 में से 64 जिलों के लिए मौसम विभाग ने शुक्रवार को येलो अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटे में लखीमपुर खीरी, सीतापुर, कौशांबी, बहराइच, महोबा और हमीरपुर समेत 18 जनपदों में भारी बारिश के आसार जताए गए हैं। वहीं लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, उन्नाव, अयोध्या समेत 46 जनपदों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावनाएं जताई गई है।
बिहार के इन जिलों में हो सकती है झमाझम बारिश
मौसम विभाग ने बताया है कि बिहार में भी शुक्रवार को बारिश की संभावना है। पिछले दिनों कई जिलों में झमाझम बारिश देखने को मिली। अगले 24 घंटे में सुपौल, अररिया, कटिहार, मधुबनी, दरभंगा और बांका में जबरदस्त बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया है कि इस साल बिहार में सामान्य से करीब 47 फीसदी कम बारिश हुई है। बिहार के अलावा राजस्थान, हिमाचल प्रदेश में भी भारी बारिश के आसार हैं।
