Heatwave in Odisha: ओडिशा में हीट वेव आने वाले तीन-चार दिनों में आम लोगों की आफत बढ़ा सकती है।भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अनुमान जताया है कि सूबे के विभिन्न हिस्सों में 13 से 16 अप्रैल, 2023 के बीच लू (Heat Wave) चल सकती है। ऐसे में राज्य में 10वीं तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को 16 अप्रैल तक बंद रखने के आदेश दे दिए गए हैं।
Heatwave in Odisha: तस्वीर का इस्तेमाल सिर्फ प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है। (फाइल)
वैसे, इससे पहले ओडिशा में बढ़ती गर्मी के चलते मंगलवार से पूरे राज्य में पहली से 12वीं कक्षा तक के छात्रों के लिए सुबह की कक्षाएं शुरू कर दी गई थी। राज्य सरकार ने बढ़ती गर्मी के कारण जिला कलेक्टरों को स्कूलों के समय में बदलाव की अनुमति दे दी थी। उन्होंने इसके साथ ही स्कूलों को पीने के पानी और गर्मी से निपटने के लिए बाकी जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भी कहा था।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, सोमवार को भुवनेश्वर का तापमान 39.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और मंगलवार को इसके 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है। वहीं, राज्य के पश्चिमी इलाके में स्थित झारसुगुड़ा में सोमवार को अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। झारसुगुड़ा राज्य में सबसे गर्म इलाका रहा। वहीं, उत्तरी क्षेत्र बारीपदा में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक उमाशंकर दास ने इस बारे में समाचार एजेंसी पीटीआई-भाषा को बताया था, "आंधी-तूफान की गतिविधियों में कमी आने की वजह से अगले दो तीन दिन तक कुछ स्थानों में दिन के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी।" बहरहाल, आईएमडी ने राज्य के दक्षिणी इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना भी व्यक्त की थी।
चूंकि, मंगलवार (12 अप्रैल, 2023) को आईएमडी ने संभावना जताई कि अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।दरअसल, हीट वेव तब घोषित की जाती है, जब किसी स्टेशन या लोकेशन का अधिकतम तापमान न्यूनतम 40 डिग्री सेल्सियस या फिर उससे अधिक मैदानी क्षेत्रों में होता है और कम से कम 30 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा पहाड़ी इलाकों में दर्ज किया जाता है।
