Weather Forecast: पांच राज्यों के लिए IMD ने जारी किया अलर्ट, तीन दिन कोहरा, ओलावृष्टि और बारिश का अनुमान

  • Authored by: रामानुज सिंह
  • Updated Dec 10, 2023, 08:33 AM IST

Weather Forecast: पांच राज्यों के लिए भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने तीन दिनों के लिए अलर्ट जारी किया है। कई राज्यों में कोहरा, ओलावृष्टि और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

Weather Forecast: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 10 और 11 दिसंबर को पांच राज्यों के अलग-अलग इलाकों में कोहरे का अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के एक बयान के मुताबिक उत्तरी मध्य प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल सिक्किम, असम और मेघालय के अलग-अलग इलाकों में 10 और 11 दिसंबर को सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। आईएमडी ने आगे अनुमान लगाया कि एक ताजा कमजोर पश्चिमी विक्षोभ 11 दिसंबर से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है। आईएमडी के बयान में कहा गया है कि 12 दिसंबर को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है। इसके अलावा मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि पिछले कुछ दिनों में तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश राज्यों को तबाह करने वाला चक्रवाती परिसंचरण मिचौंग अब कमजोर हो गया है और झारखंड में कम दबाव वाले क्षेत्र में बदल गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) रांची के मौसम विज्ञानी एई कुजूर ने कहा कि चक्रवाती तूफान मिचौंग कमजोर हो गया है और झारखंड में कम दबाव वाले क्षेत्र में बदल गया है। जिससे राज्य भर में हल्की से मध्यम बारिश हो रही है।

Weather Forecast, Rain Forecast, IMD

IMD ने जारी किया मौसम का पूर्वानुमान (तस्वीर-पीटीआई)

जम्मू कश्मीर को लेकर मौसम विभाग ने कहा कि 11 दिसंबर तक आसमान में सामान्यत: बादल छाए रहेंगे लेकिन मौसम शुष्क रहेगा और रात में तापमान में कुछ डिग्री तक गिरावट आ सकती है। कार्यालय ने कहा कि 12 से 15 दिसंबर तक जम्मू-कश्मीर के ऊंचे इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है।

End of Feed