'जब तक तुम संविधान को धोखा देते रहोगे, हम अंबेडकर-अंबेडकर...', लखनऊ में अमित शाह पर बरसे मल्लिकार्जुन खरगे

Samvidhan Raksha March: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने लखनऊ में संविधान रक्षा मार्च को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर जमकर निशाना साधा।

Samvidhan Raksha March: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गुरुवार को लखनऊ में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब तक तुम संविधान को धोखा देते रहोगे, हम अंबेडकर-अंबेडकर बोलते रहेंगे। उन्होंने कहा कि अमित शाह ने संसद में कहा था- बाबा साहेब का नाम लेना फैशन हो गया है। इतना नाम भगवान का लेते तो स्वर्ग मिल जाता।

Kharge Lucknow

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (फोटो साभार: @INCIndia)

दरअसल, लखनऊ में संविधान रक्षा मार्च को संबोधित करते हुए खरगे ने अमित शाह के एक पुराने वक्तव्य का उल्लेख किया। उन्होंने कहा, ''यह फैशन नहीं... तुम जैसे लोगों को सीधा करने की दवा है। इसलिए हम 100 बार अंबेडकर-अंबेडकर बोलेंगे... तब तक बोलेंगे, जब तक तुम संविधान को धोखा देते रहोगे। यह लोग खुद को देशभक्त और हमको देशद्रोही कहते हैं, लेकिन असल में देशद्रोही आप लोग हैं, जो ब्रिटिशर को पत्र लिखकर माफी मांगते हैं।''

'झुकती नहीं है कांग्रेस पार्टी'

उन्होंने आगे कहा कि हमारा कोई भी नेता ब्रिटिशर के चरणों में नहीं गया... नेहरू 13 साल जेल में रहे। इंदिरा गांधी को जेल में डाला, क्या उन्होंने कभी माफी मांगी। कांग्रेस नेता कभी माफी नहीं मांगते। वे झुकते नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि हमारे संविधान ने शुरू से ही गरीबों, महिलाओं, वंचितों को वोट का अधिकार दिया। यह अधिकार अंबेडकर और नेहरू की वकालत मिले, लेकिन आप लोग एसआईआर करके उन लोगों का वोट काट देते हैं। उन्होंने कहा कि अगर आप हमारे वोट काटने का काम करेंगे तो हिंदुस्तान में रहने वाले हर नौजवान तुम्हारे खिलाफ लड़ेगा।

BJP-RSS पर भी बरसे खरगे

खरगे ने आरोप लगाया कि आरएसएस और भाजपा शुरुआत से ही संविधान के खिलाफ रहे हैं और पिछले 12 वर्षों से इसे कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि आरएसएस और जनसंघ से जुड़े वैचारिक पूर्वजों (हेडगेवार, सावरकर, श्यामा प्रसाद मुखर्जी) ने आजादी की लड़ाई में भाग लेने के बजाय अंग्रेजों का साथ दिया था और 'भारत छोड़ो आंदोलन' को दबाने का सुझाव दिया था।

End Article
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में का...

End of Feed