Anmol Bishnoi: जेल में बंद कुख्यात डॉन लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई को आज अमेरिका से भारत लाया जा रहा है। उसे दिल्ली एयरपोर्ट लाया जाएगा जहां जांच एजेंसी के अधिकारी उसे हिरासत में लेंगे। अनमोल बिश्नोई एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में वांछित है। इसके अलावा उस पर गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या का मास्टरमाइंड भी बताया जाता है। भारत में उसके खिलाफ कई आरोप हैं। अनमोल को भारत लाए जाने की खबर के बाद उसके परिजनों ने सरकार से गुजारिश की है कि उसे मुख्यधारा में वापसी का मौका दिया जाए।
अनमोल और लॉरेंस बिश्नोई (Facebook)
चाचा रमेश बिश्नोई की गुहार
अनमोल के चाचा रमेश बिश्नोई से संवाददाता अनुज मिश्रा ने बात की जिसमें उन्होंने कहा कि अनमोल की जिंदगी खतरे में है। रमेश बिश्नोई ने कहा, अनमोल बिश्नोई को अमेरिका से भारत लाया जा रहा है ये खबर हमे मीडिया से पता चली। हमारी बात अनमोल से आखिरी बार तब हुई थी, जब वो एक मामले में जेल जाने जमानत पर बाहर आया था। वो घर से यह कहकर गया था कि वैष्णो देवी दर्शन के लिए जा रहा है। लेकिन उसके बाद पुलिस घर पर कई बार आई। बाद में मीडिया और पुलिस से पता चला कि वह देश के बाहर चला गया है। हम सरकार और प्रधानमंत्री जी से गुजारिश करते है कि उसे मुख्यधारा में आने का मौका दिया जाए और उसकी जिंदगी खतरे में है, उसे सुरक्षा दी जाए।
बाबा सिद्दीकी हत्याकांड का आरोपी
एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी हत्याकांड (Baba Siddique Murder) के मुख्य आरोपी और 2024 में बॉलीवुड स्टार सलमान खान के घर पर हुई गोलीबारी के मामले में वांछित गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई पर कई आरोप हैं। अनमोल के खिलाफ देशभर में कई मामले दर्ज हैं, और उसकी पहली हिरासत किस एजेंसी को मिलेगी, इसका निर्णय केंद्र सरकार करेगी। गौरतलब है कि अनमोल बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में एक वांटेड आरोपी था। बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर 2024 को बांद्रा स्थित उनके कार्यालय के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले की जांच मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच कर रही है और अब तक 26 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मास्टरमाइंड में से एक
अनमोल पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मास्टरमाइंड में से एक है, जिनकी 2022 में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर, 2024 की रात को उनके बेटे जीशान के बांद्रा स्थित कार्यालय के सामने गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अनमोल का बड़े भाई लॉरेंस बिश्नोई के नेतृत्व वाले गिरोह से जुड़े कई लोगों को सिद्दीकी हत्याकांड में गिरफ्तार किया गया था।
