Jantar Mantar Protest Ends: शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और केंद्र सरकार के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत के बाद शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने जंतर-मंतर पर जारी आंदोलन को वापस ले लिया। इसको लेकर, शिक्षाविद् और जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने युवा पीढ़ी को बधाई दी और इसे लोकतंत्र की जीत करार दिया।
शिक्षाविद् और जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक
सोनम वांगचुक का VIDEO संदेश
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, वांगचुक ने कहा कि मैं सरकार और धर्मेंद्र प्रधान के उठाए गए कदमों का स्वागत और सम्मान करता हूं और सभी देशवासियों को बधाई देता हूं। आज हमने लोकतंत्र को जीतते देखा है। मैं हमारी सीजेपी टीम को बधाई देता हूं, जिन्होंने सबसे पहले यह मुद्दा उठाया। साथ ही उन सभी कार्यकर्ताओं, छात्रों, युवाओं और बुजुर्गों का भी आभार व्यक्त करता हूं, जो देश भर से लोकतंत्र के समर्थन में खड़े हुए।
वांगचुक ने आगे कहा, ''मैं इन सभी का सम्मान करता हूं, और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि जिस शांतिपूर्ण तरीके से उन्होंने इस आंदोलन को बनाए रखा, मैं उसकी सराहना करता हूं। मुझे उम्मीद है कि हम इस शांति को आगे भी बनाए रखेंगे और भविष्य में कहीं भी कोई अन्याय या गड़बड़ी नहीं होगी...''
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: प्रधान का इस्तीफा और सरकार से बातचीत के बाद CJP ने वापस लिया आंदोलन, कहा- प्रदर्शनकारी अपने घर वापस जाएं
CJP ने छात्र आंदोलन को लिया वापस
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद केंद्र सरकार के प्रतिनिधियों और आंदोलन की अगुवाई कर रही सीजेपी के प्रतिनिधिमंडल के बीच हुई बातचीत में संगठन की अन्य मांगों को सरकार द्वारा मान लिए जाने के बाद सीजेपी ने अपना आंदोलन समाप्त करने का ऐलान किया।
छात्रों के आंदोलन की अगुवाई कर रही सीजेपी ने घोषणा की कि वह केंद्र सरकार से नीट पेपर लीक विवाद के बाद कथित तौर पर आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिजन को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने और 20 जुलाई को संगठन के 'संसद चलो' मार्च में शामिल प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी वापस लेने का आश्वासन मिलने के बाद अपना विरोध-प्रदर्शन तत्काल प्रभाव से समाप्त कर रही है।
