Chhangur Baba Update: धर्मांतरण के आरोप में गिरफ्तार जलालुद्दीन उर्फ छांगुर बाबा और उसके रैकेट के बारे में सनसनीखेज खुलासे हो रहे हैं। पता चला है कि अब तक वह करीब 4000 लोगों का धर्मांतरण करा चुका है और इसमें महिलाओं की संख्या 1500 है। उसके इस रैकेट के तार पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्किये तक जुड़े हैं। छांगुर की एक पीड़िता ने उसके बारे में कई खुलासे किए हैं। पीड़िता का दावा है कि कथित धर्मांतरण के इस रैकेट में नीतू उर्फ नसरीन उसका पूरा साथ देती थी। नसरीन धर्म परिवर्तन के लिए शाहरूख खान और गौरी खान का उदाहरण देती थी।
छांगुर बाबा पर धर्मांतरण कराने का आरोप है। तस्वीर-टाइम्स नाउ नवभारत
लोगों का ब्रेनवाश करती थी नसरीन-पीड़िता
टाइम्स नाउ नवभारत पर पीड़िता ने बताया कि वह छांगुर के धर्मांतरण वाले ठिकाने पर गई थी। पीड़िता ने बताया कि गैंग में छांगुर की करीबी नीतू की भूमिका काफी बड़ी थी। नीतू धर्म परिवर्तन के लिए शाहरूख खान और गौरी खान का उदाहरण देती थी। नीतू लोगों को अपनी कहानी बता कर उनका ब्रेनवाश करती थी। नीतू का दावा था कि छांगूर का सीधे अल्लाह से संपर्क है। उसके संपर्क में आने से मेरी जिंदगी बदल गई। वह कहती थी कि बूत परस्ती से कुछ भी हासिल नहीं होता।
'कॉर्पोरेट कंपनी की तरह काम करता था रैकेट'
पीड़िता ने दावा किया कि अवैध धर्मांतरण का यह रैकेट कॉर्पोरेट कंपनी की तरह काम करता था। धर्म परिवर्तन न करने पर गोली तक मरवाता देता था छांगुर। लव जिहाद के रेट कार्ड के बारे में भी पड़िता ने बताई। उसने बताया कि लव-जिहाद में फंसाने वालो को पैसे दिए जाते थे। पीड़िता का दावा कि छांगुर इस्लामिक स्टेट बनाने की रणनीति पर काम कर रहा था।
'पत्थर की पूजा से कोई फायदा नहीं'
छांगुर बाबा सबसे बोलता था कि पत्थर की पूजा से कोई फायदा नहीं है। अल्लाह को स्वीकार करो, नीतू सबसे कहती थी की बाबा का सीधा संपर्क अल्लाह से है, बाबा के पास रूहानी शक्तियां हैं, बाबा के साथ जो भी रहेगा उसको बहुत ज्यादा फायदा होगा। पीड़िता ने बताया कि बाबा के बलरामपुर आवास पर वह 2019 में गई थी। तब इतना बड़ा आवास नहीं था, एक कमरे में 25-30 लड़कियां थीं, सबको इसी काम के लिए लाया गया था।
सिर्फ सरगना का घर गिराने से कुछ नहीं होगा-पीड़िता
पीड़िता ने कहा, 'कम से कम ये सब 40 सालों से चल रहा है, इसमें कोई आज का नया कुछ नहीं है, बहुत सालों से चल रहा है ये रैकेट। बाबा तो सिर्फ इसका सरगना है, असल में लड़कियों को फंसाने के लिए जो लोग लगे थे वहा उनको मोटा कमीशन देता था। करीब 5 हजार लोगों का धर्मांतरण हुआ होगा। सिर्फ सरगना का घर गिराने से कुछ नहीं होगा, उन सबको पकड़ना होगा जो इस पूरे रैकेट में शामिल हैं। मुझे भी इंसाफ तभी मिलेगा जब असल दोषियों को सजा मिलेगी, अभी सिर्फ आश्वासन मिल रहा है।
छांगुर पर घोषित था 50,000 रुपये का इनाम
एटीएस की टीम ने पिछले सप्ताह छांगुर बाबा और उसके एक सहयोगी को लखनऊ से गिरफ्तार किया था। पुलिस ने छांगुर बाबा पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था। पुलिस के मुताबिक, एटीएस इससे पहले छांगुर बाबा के बेटे और नवीन रोहर को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। एटीएस ने बुधवार को छांगुर बाबा और उसके सहयोगी नीतू उर्फ नसरीन को एक सप्ताह के लिए रिमांड पर लिया था। पुलिस के मुताबिक, बाबा और उसके सहयोगियों पर 100 करोड़ के विदेशी फंडिग का भी आरोप है, जिसकी जांच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) कर रहा है।
