Vande Bharat Shatabdi train Speed: इस बार के स्वतंत्रता दिवस के मौके पर वंदे भारत, शताब्दी, तेजस जैसी प्रीमियम ट्रेनें नई रफ्तार से दौड़ेंगे। इन ट्रेनों की रफ्तार बढ़कर 160 किलोमीटर प्रतिघंटे हो जाएगी। अभी इन ट्रेनों को 130 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चलाया जा रहा है। रेलवे ने ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाए जाने की इजाजत दे दी है। बढ़ी हुई रफ्तार के साथ ये प्रीमियम ट्रेनें पहले अहमदाबाद-मुंबई रूट पर चलनी शुरू होंगी। इस रफ्तार से ट्रेनों को चलाने के लिए रेलवे परिचालन से जुड़े सभी कार्य पूरे कर लिए हैं। मिशन रफ्तार के तहत रेलवे मुंबई से दिल्ली के बीच ट्रेनों की स्पीड 130 से बढ़ाकर 160 किलोमीटर प्रतिघंटे करने की योजना पर भी काम कर रहा है।
मुंबई-अहमदाबाद रूट पर बढ़ी हुई स्पीड के साथ चलेंगी प्रीमियम ट्रेनें।
बढ़ी हुई स्पीड के साथ चलाने की इजाजत मिली
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक 15 अगस्त से बढ़ी हुई स्पीड के साथ इन ट्रेनों का परिचालन करने की इजाजत जोनल रेलवे को मिल गई है। रिपोर्ट के मुताबिक रेलवे ने मुंबई-नागदा और मुंबई-अहमदाबाद रूट पर बढ़ी हुई स्पीड वाली ट्रेनों को चलाने की योजना बनाई है। ट्रेनों की रफ्तार बढ़ जाने से मुंबई से अहमदाबाद के बीच अभी लगने वाले समय में 35 से 45 मिनट की बचत होगी। अभी वंदे भारत से 5.25 घंटे का समय लगता है। जबकि मुंबई से अहमदाबाद की दूरी तय करने में अभी तेजस को 6.25 घंटे का समय लगता है लेकिन 160 KMPH की रफ्तार से चलने पर 5.50 घंटे का समय लगेगा।
ये कार्य हुए पूरे
- 565 किमी अहमदाबाद-मुंबई मार्ग पर कैटल बैरियर फेंसिंग दीवार बन चुकी है
- मार्ग पर 126 रेल ब्रिज 160 किलोमीटर की रफ्तार के लिए अपग्रेड
- सिग्नलिंग, ओवरहेड इक्विपमेंट इंस्टॉल किए गए
- गति अवरोधक हटाए गए
- 52 किलोग्राम रेल की जगह ज्यादा क्षमतावान 62 केजी रेल
- स्लीपर डेंसिटी बढ़ाई गई
- ट्रेनों में कवच तकनीक लगाई गई
अगले महीने से शुरू हो जाएगा वंदे भारत के स्लीपर वर्जन का ट्रायल
वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के बाद देशवासियों को इसके स्लीपर वर्जन का इंतजार बेसब्री से है। सीटिंग ट्रेनें तो पहले से ही चल रही हैं। हालांकि, वंदे भारत स्लीपर ट्रेन कबसे चलेगी? इस बाबत जानकारी सामने नहीं आई है। सरकार ने यह जरूर कहा है कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों को ट्रायल अगले दो महीनों में शुरू हो जाएगा। इस बीच रेल यात्रियों के बीच इस बात को लेकर कौतूहल है कि पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन किस रूट को मिलेगी? सूत्रों की मानें तो दिल्ली-मुंबई वंदे भारत स्लीपर का ट्रायल अगले महीने से शुरू हो जाएगा और यह देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन होगी।
जानकारी के मुताबिक, सबसे ज्यादा डिमांड वाला रूट होने के कारण रेलवे ने दिल्ली से मुंबई के बीच पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन चलाने का फैसला किया है। इस रूट पर अगले महीने से ट्रायल शुरू हो सकता है।
