Vande Bharat News: भारतीय रेलवे (Indian Railways) की आधुनिक और तेज रफ्तार ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस को लेकर यात्रियों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। वित्त वर्ष 2025–26 में लगभग 3.98 करोड़ यात्रियों ने इस ट्रेन से सफर किया, जो पिछले साल के 2.97 करोड़ यात्रियों की तुलना में करीब 34 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि दर्शाता है।
9.1 करोड़ से अधिक यात्रियों ने की वंदे भारत की सवारी
शुरुआत से अब तक वंदे भारत नेटवर्क करीब 1 लाख ट्रिप्स में 9.1 करोड़ से अधिक यात्रियों को सेवा दे चुका है, जिससे इस आधुनिक रेल सेवा पर लोगों का बढ़ता भरोसा साफ दिखाई देता है।
कब शुरू हुई थी वंदे भारत?
भारत की पहली स्वदेशी सेमी-हाई स्पीड ट्रेन के रूप में पहचानी जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को फरवरी 2019 में नई दिल्ली–वाराणसी रेल मार्ग पर शुरू किया गया था। इसके बाद यह सेवा तेजी से देशभर में फैलती गई और आज यह गति, आराम और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बन चुकी है। यात्रियों की सबसे अधिक मांग अभी भी नई दिल्ली–वाराणसी रूट पर बनी हुई है, जहां अब तक 73 लाख से अधिक यात्री सफर कर चुके हैं। वहीं नई दिल्ली–श्री माता वैष्णो देवी कटरा रेल मार्ग पर करीब 56 लाख यात्रियों ने यात्रा की, जो धार्मिक पर्यटन के लिहाज से इसकी अहमियत को दर्शाता है।
दक्षिण भारत में वंदे भारत की लोकप्रियता
दक्षिण भारत में भी वंदे भारत की लोकप्रियता तेजी से बढ़ी है। सिकंदराबाद–विशाखापट्टनम रेल मार्ग पर 48 लाख से अधिक यात्री सफर कर चुके हैं, जबकि चेन्नई–मैसूर रेल मार्ग पर 36 लाख से ज्यादा यात्रियों ने यात्रा की। इन रूट्स ने धार्मिक, सांस्कृतिक और तटीय पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती दी है।
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन कब आई थी?
लंबी दूरी की यात्रा को और बेहतर बनाने के लिए जनवरी 2026 में वंदे भारत स्लीपर सेवा शुरू की गई। शुरुआती तीन महीनों में ही इस सेवा ने 119 ट्रिप्स में 1.21 लाख यात्रियों को यात्रा कराई और 100 प्रतिशत से अधिक ऑक्यूपेंसी हासिल की। इससे साफ है कि प्रीमियम नाइट ट्रैवल के लिए यात्रियों की मांग तेजी से बढ़ रही है।
बेहतर स्पीड, उन्नत सुरक्षा फीचर्स और आरामदायक सुविधाओं से लैस वंदे भारत एक्सप्रेस ‘मेक इन इंडिया’ विजन को भी मजबूती दे रही है। महानगरों, धार्मिक स्थलों, पर्यटन शहरों और उभरते आर्थिक केंद्रों को जोड़ते हुए यह ट्रेन देश में आधुनिक रेल यात्रा का नया अध्याय लिख रही है।
यात्रियों की बढ़ती संख्या इस बात का संकेत है कि आने वाले समय में तेज, सुरक्षित और आरामदायक रेल सफर के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस ही भारतीय रेल के बदलाव की अगुवाई करती नजर आएगी।
