Vaishno Devi Yatra Latest Update: भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहा विवाद बढ़ता ही जा रहा है। पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर भारत की एयर स्ट्राइक के बाद ये तनाव और भी बढ़ गया। पाकिस्तान की ओर से 8 और 9 मई की मध्य रात्रि को भारत की ओर टारगेट करते हुए कई ड्रोन और मिसाइल दागे गए, जिन्हें भारतीय सेना ने हवा में ही नाकाम कर दिया। इस बीच जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों ने व्यवस्था और भी चाक-चौबंद कर दी है। यही वजह है कि, कटरा में वैष्णो देवी की तीर्थयात्रा सुचारू रूप से चल रही है। श्रद्धालुओं ने आस्था और धैर्य के साथ अपनी यात्रा जारी रखी है, भारतीय सुरक्षा बलों द्वारा लागू की गई एहतियाती कार्रवाई और सुरक्षा उपायों के प्रति मजबूत समर्थन दिखाया है। तीर्थयात्रा की सुरक्षा और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए ये कदम उठाए गए हैं। अधिकारियों ने व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी व्यवधान को रोकने के लिए निगरानी और समन्वय भी बढ़ाया है।
तीर्थयात्रा पर मां वैष्णो देवी के दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं में पहले काफी भय था मगर सुरक्षा बलों की निगरानी के कारण अब उनमें काफी उत्साह देखा गया। एक श्रद्धालु ने कहा कि, 'तनाव काफी ज्यादा बढ़ गया था। बच्चे डर गए थे। हम 21 लोगों की फैमिली आई थी और सब ही डर गए थे। लेकिन फिर मातारानी का नाम लेकर हमने तीर्थयात्रा को शुरू किया। ब्लैआउट के बाद जब हम बाहर आए तो देखा कि हमारी आर्मी पूरी मुस्तैद है, आर्मी के जवानों ने यात्रियों का सहयोग किया। भारत सरकार सभी देशवासियों के साथ है और हम भी भारत सरकार के साथ हैं।' चंडीगढ़ से आए दूसरे श्रद्धालु ने कहा कि, 'यात्रा पूरी तरह सुचारू है, कोई दिक्कत नहीं है।'
