Gujarat Municipal Corporation Election: गुजरात के वड़ोदरा में इस बार स्थानीय निकाय चुनाव एक अलग वजह से चर्चा में हैं। यहां वार्ड नंबर 17 से भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) ने एक ऐसे व्यक्ति को उम्मीदवार बनाया है, जो पिछले कई वर्षों से बच्चों को स्कूल पहुंचाने का काम कर रहा है। स्कूल वैन ड्राइवर राजेश माछी (Rajesh Machhi) अब राजनीति के मैदान में उतरकर अपने जैसे कामकाजी लोगों की आवाज बनने की तैयारी कर रहे हैं।
कौन हैं राजेश माछी?
राजेश माछी पिछले करीब 15 सालों से भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता रहे हैं। वे रोजाना सुबह-शाम स्कूल वैन चलाकर अपना परिवार चलाते हैं और इलाके के लोगों से उनका सीधा जुड़ाव रहा है। पार्टी ने उनके लंबे सामाजिक और संगठनात्मक अनुभव को देखते हुए उन्हें इस बार वार्ड नंबर 17 से उम्मीदवार बनाया है।
राजेश माछी करते रहे हैं अपना काम
दिलचस्प बात यह है कि उम्मीदवार बनने के बाद भी राजेश माछी ने अपना काम नहीं छोड़ा है। हाल ही में जब बच्चों की अंतिम परीक्षा थी, तब वे प्रचार में जाने के बजाय खुद स्कूल पहुंचकर बच्चों को घर छोड़ने का काम कर रहे थे। इस दौरान उनके साथी वैन ड्राइवरों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और उम्मीद जताई कि उनके प्रतिनिधि बनने से अब उनकी समस्याएं सीधे प्रशासन तक पहुंच सकेंगी। राजेश माछी का कहना है कि चुनाव जीतने के बाद भी वे अपना पेशा नहीं छोड़ेंगे। उनका मानना है कि आम लोगों के बीच रहकर ही उनकी असली समस्याओं को समझा जा सकता है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि अपने क्षेत्र के लोगों के लिए बेहतर सुविधाएं और विकास सुनिश्चित करना है।
राजेश माछी से बीजेपी ने दिया बड़ा संदेश
स्थानीय स्तर पर राजेश माछी की उम्मीदवारी को एक प्रतीकात्मक कदम माना जा रहा है, जिसमें एक साधारण पेशे से जुड़े व्यक्ति को राजनीति में मौका देकर आम जनता को यह संदेश देने की कोशिश की जा रही है कि अब उनके बीच से ही प्रतिनिधि आगे आ रहे हैं। जहां बड़े-बड़े दिग्गज नेता टिकट पाने में असफल रहे, वहीं पार्टी ने राजेश की ईमानदारी और जमीनी पकड़ को सम्मान दिया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
