उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव भले ही 2027 में होने हैं, लेकिन कांग्रेस के भीतर सियासी समीकरण अभी से बनने और बिगड़ने लगे हैं। पार्टी के नेता एक ओर भाजपा सरकार को घेरने की रणनीति तैयार कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर अपने ही नेताओं के बीच खींचतान खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। विधानसभा टिकट को लेकर दावेदारी, संगठन में प्रभाव बढ़ाने की कोशिश और मुख्यमंत्री पद की चर्चाओं ने पार्टी की अंदरूनी राजनीति को गर्म कर दिया है। हालिया घटनाक्रम बता रहे हैं कि कांग्रेस के सामने चुनावी चुनौती से पहले अपने कुनबे को संभालने की बड़ी जिम्मेदारी है।
उत्तराखंड में 2027 से पहले अपनों से ही घिरी कांग्रेस। (फोटो- AI)
लोहाघाट में जनसभा के बाद सड़क पर आई पार्टी की गुटबाजी
चंपावत जिले के लोहाघाट में 18 नवंबर को आयोजित कांग्रेस की जनसभा के बाद पार्टी की गुटबाजी सड़क पर आ गई। प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा की मौजूदगी में ही कांग्रेस नेता मुन्ना ढेक और सिटिंग विधायक खुशाल सिंह अधिकारी के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए। मुन्ना ढेक ने खुलेआम ऐलान किया कि अगर 2027 में खुशाल सिंह अधिकारी को दोबारा टिकट मिला तो वे निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे। महिलाओं ने भी विधायक की टिकट दावेदारी का विरोध किया। यह घटना टिकट वितरण को लेकर चल रही होड़ का सीधा संकेत है।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को लेकर भी तनाव
इसी दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को लेकर भी तनाव बना हुआ है। सितंबर में उनके पूर्व OSD पर ED की कार्रवाई के बाद रावत ने संगठनात्मक पदों से हटने की पेशकश की थी। उनकी ‘धन्यवाद एवं जनसंवाद यात्रा’ को हाईकमान ने संगठनात्मक ढांचे के बाहर बताकर रोकने की कोशिश की थी, लेकिन उन्होंने उसे जारी रखा। 2 नवंबर को राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे की समीक्षा बैठक में वे शामिल नहीं हुए। हाल में उन्होंने खरगे और राहुल गांधी से मुलाकात की और कहा कि अब वे CM पद के दावेदार नहीं हैं। फैसला हाईकमान पर छोड़ते हुए उन्होंने 45 से ज्यादा सीटें जीतने का लक्ष्य रखा।
रावत परिवार की दावेदारी से 'एक परिवार, एक टिकट' की चर्चा
पार्टी के अंदर रावत परिवार की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को लेकर भी चर्चा है। बेटी अनुपमा रावत वर्तमान में विधायक हैं, बेटा वीरेंद्र रावत 2024 में लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं। ‘वन फैमिली वन टिकट’ सिद्धांत की परीक्षा इन दावेदारियों से हो रही है।
सैलजा के दौरे और बैठकों से संगठन को मजबूत करने की कोशिश
इन सबके बावजूद कांग्रेस चुनावी तैयारियां तेज कर रही है। कुमारी सैलजा कुमाऊं और गढ़वाल के दौरे पर हैं। 22 नवंबर को देहरादून में वरिष्ठ नेताओं की बैठक हो रही है। पार्टी के आंतरिक सर्वे में 45-50 सीटों पर जीत की संभावना बताई जा रही है। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर हस्ताक्षर अभियान, भाजपा सरकार के मंत्रियों को निशाने पर लेना और राहुल गांधी, प्रियंका गांधी तथा खड़गे की बड़ी रैलियों का खाका तैयार किया गया है। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल संगठन को मजबूत करने और सरकार पर हमला बोलने में सक्रिय हैं।
मुद्दों की कमी नहीं, लेकिन एकजुटता सबसे बड़ी परीक्षा
उत्तराखंड में भाजपा सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस के पास मुद्दों की कमी नहीं है। वो बेरोजगारी, पलायन, स्वास्थ्य और कथित भ्रष्टाचार को लेकर धामी सरकार के खिलाफ उतर सकती है, लेकिन गुटबाजी और टिकट को लेकर चल रहा आंतरिक संघर्ष उसकी सबसे बड़ी चुनौती बन गया है। अगर हाईकमान टिकट वितरण में पारदर्शिता और एकजुटता नहीं ला पाया तो 2027 की तैयारी प्रभावित हो सकती है। कांग्रेस इस समय संगठनात्मक बैठकों और सर्वे के जरिए स्थिति संभालने की कोशिश कर रही है। देखना होगा कि टिकट स्क्रीनिंग कमेटी और हाईकमान के फैसले पार्टी को कितना एकजुट कर पाते हैं।
