Narendra Modi Purvanchal Visit: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री (2012 - 2017 तक) और समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जुबानी हमला किया। शुक्रवार (सात जुलाई, 2023) को उन्होंने यह तंज उनके पूर्वांचल दौरे को लेकर किया। यादव ने माइक्रो ब्लॉगिंग मंच टि्वटर पर पूर्वांचल एक्सप्रेस की पस्त स्थिति से जुड़ी तस्वीर शेयर करते हुए कहा कि आप लोग जरा बचकर निकलिएगा।
तस्वीर का इस्तेमाल सिर्फ प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है। (क्रिएटिवः अभिषेक गुप्ता)
दरअसल, इस फोटो में एक्सप्रेस के एक हिस्से में काफी बड़ा सा गड्ढा नजर आ रहा था और अखिलेश ने इसके साथ लिखा था, "मान्यवर से आग्रह है कि अपना कारवां और बुलडोज़र पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर ले जाने से पहले यह याद कर लीजिएगा कि यह आपके भ्रष्टाचारी काल के निर्माण का उदाहरण है…जरा बच के निकलिएगा।" यादव के फोटो शेयर करने के बाद लोगों ने भी इस पोस्ट पर तरह-तरह के कमेंट्स किए।
रोचक बात है कि यादव की ओर से यह तंज ऐसे वक्त पर किया गया जब मोदी शुक्रवार को यूपी के गोरखपुर में थे। उन्होंने इस दौरान गीता प्रेस के शताब्दी समारोह में हिस्सा लेने के साथ वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने यह भी दावा किया कि आज का उनका गोरखपुर दौरा विकास और विरासत की नीति का अद्भुत उदाहरण है।
वैसे, प्रधानमंत्री का पूर्वांचल का यह दौरा इसलिए भी अहम माना गया क्योंकि आने वाले समय में कुछ हिंदी पट्टी सूबों में विधानसभा के चुनाव हैं, जबकि आगे लोकसभा के चुनाव (साल 2024 में) भी होंगे। दरअसल, पूर्वांचल में 28 जिले आते हैं, जिनके तहत 26 लोकसभा सीटों पर बीजेपी का फोकस है। जातीय गणित की बात करें तो सवर्ण, ओबीसी, दलित और मुस्लिम...ये सारे वहां अपनी अहमियत रखते हैं।
'वंदे भारत ने मध्यम वर्ग को दी नई उड़ान'
मोदी ने कहा कि वंदे भारत ट्रेन ने देश के मध्यम वर्ग को सुविधाओं और सहूलियतों के लिए नई उड़ान दी है। आज देश के कोने कोने के नेता पत्र लिखते हैं कि हमारे क्षेत्र से भी वंदे भारत ट्रेन चलाइए। एक समय था जब नेता लोग चिट्ठियां लिखा करते थे कि हमारे क्षेत्र में इस ट्रेन का जरा हाल्ट बना लें, उस ट्रेन का हाल्ट बना लें। आज देश के कोने-कोने से नेता मुझे चिट्ठियां लिखकर कहते हैं कि मेरे क्षेत्र से भी वंदे भारत चलाइए। यह वंदे भारत का एक क्रेज है।
