CM Yogi: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को फतेहपुर दौरे (Fatehpur Development Projects) के दौरान युवाओं और छात्रों की सुरक्षा व उनके बेहतर भविष्य को लेकर सरकार का संकल्प दोहराया। जिले को 489 करोड़ रुपये से अधिक की 125 विकास परियोजनाओं की सौगात देते हुए सीएम योगी ने साफ किया कि राज्य में परीक्षा में धांधली या पेपर लीक कराने वाले माफियाओं के लिए कोई जगह नहीं है।
फतेहपुर में सीएम योगी का बड़ा बयान
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी डबल इंजन सरकार पहले दिन से ही छात्रों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि जो भी भू-माफिया या परीक्षा माफिया युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करेगा, उसकी जगह केवल जेल होगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'युवाओं के लिए जान दे दूंगा...', NEET पेपर लीक मुद्दे पर छात्रों के समर्थन में उतरे तेज प्रताप, पटना पुलिस ने हिरासत में लिया
'राष्ट्रीय शिक्षा नीति' की सीएम योगी ने की खुलकर तारीफ
सरकार ऐसे अपराधियों की संपत्ति जब्त करने से भी पीछे नहीं हटेगी। सीएम ने केंद्र सरकार द्वारा परीक्षा में धांधली रोकने के लिए लाए जा रहे कड़े कानून और 'राष्ट्रीय शिक्षा नीति' की खुलकर तारीफ की और कहा कि इससे भारतीय युवाओं को वैश्विक स्तर पर पहचान मिलेगी।
अपनी सरकार के कामकाज का ब्योरा देते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कड़े नियमों और पारदर्शिता के कारण ही राज्य सरकार अब तक नौ लाख से अधिक युवाओं को निष्पक्ष तरीके से सरकारी नौकरी दे सकी है। उन्होंने पिछली सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा कि पहले केवल भ्रष्टाचार, दंगे और ठेकेदारी का बोलबाला था, जिससे युवाओं का हक मारा जाता था।
बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य रहेंगे जारी-योगी आदित्यनाथ
फतेहपुर में हुए विकास कार्यों पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि आज जिले में मेडिकल कॉलेज और आधुनिक स्कूल बन चुके हैं। 'एक जिला, एक उत्पाद' (ODOP) योजना के जरिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य जारी रहेंगे और फतेहपुर के युवा हर क्षेत्र में जिले का नाम रोशन करेंगे।
