गुलाम कश्मीर पर वीके सिंह का बड़ा बयान, बोले-भारत में खुद हो जाएगा PoK का विलय

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 12, 2023, 09:33 AM IST

VK Singh on PoK: वीके सिंह ने राजस्थान की कानून-व्यवस्था को लेकर गहलोत सरकार को निशाने पर लिया। सिंह ने कहा कि महिलाओं के लिए यह राज्य सबसे खराब जगह बन गया है। बीते साढ़े चार सालों में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार के सबसे ज्यादा मामले सामने आए हैं जो कि शर्म की बात है।

VK Singh on PoK: केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व सेना प्रमुख वीके सिंह ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि भारत में PoK का विलय खुद हो जाएगा। बस थोड़ा इंतजार करने की जरूरत है। केंद्रीय मंत्री से पत्रकारों ने पीओके में शिया मुस्लिमों की ओर से किए जा रहे प्रदर्शनों के बारे में सवाल किया गया था। इसका जवाब देते हुए सिंह ने यह बात कही। पीओके के शिया मुस्लिम कारगिल बॉर्डर क्रासिंग को खोले जाने की मांग करते हुए प्रदर्शन कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री परिवर्तन संकल्प यात्रा में शामिल होने दौसा आए थे।

VK Singh

वीके सिंह ने कहा-भारत में खुद हो जाएगा पीओके का विलय।

राहुल को धर्म की कोई समझ नहीं-सिंह

'हिंदुत्व' पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व सेना प्रमुख ने कहा, 'उस व्यक्ति के बारे में क्या कहा जा सकता है जो भारत में पैंट एवं शर्ट और अपनी विदेश यात्रा में कुर्ता एवं पायजामा पहनता है? कैलाश मानसरोवर यात्रा शुरू करने से पहले उन्होंने पवित्र जनेऊ धारण किया, मंदिर गए, घंटी बजाई और मांस खाया। इन परिस्थितियों में उनके बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता। वह ऐसे लोगों में शामिल हैं जिन्हें धर्म की कोई समझ नहीं है।'

'महिलाओं के लिए सबसे खराब जगह राजस्थान'

वीके सिंह ने राजस्थान की कानून-व्यवस्था को लेकर गहलोत सरकार को निशाने पर लिया। सिंह ने कहा कि महिलाओं के लिए यह राज्य सबसे खराब जगह बन गया है। बीते साढ़े चार सालों में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार के सबसे ज्यादा मामले सामने आए हैं जो कि शर्म की बात है। केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि राजस्थान में महिलाओं को निर्वस्त्र किया गया और उनके साथ रेप हुआ।

जी20 सम्मेलन की तारीफ की

जी20 सम्मेलन की तारीफ करते हुए सिंह ने कहा,‘जी20 की बैठक 'ना भूतो न भविष्यति' के रूप मे हुई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विश्व में अपना लोहा मनवा दिया। जी20 समूह में विश्व के सभी शक्तिशाली देश शामिल हैं। सभी देशों ने भारत की मुक्त कंठ से प्रशंसा की है।’ सिंह ने कहा कि 'जैव ईंधन अलायंस' पर मोदी के नेतृत्व में मिली सफलता भारत को आर्थिक रूप से मजबूती की दिशा में ले जा रही है। जी20 शिखर सम्मेलन ने भारत की भव्यता को विश्व में साबित कर दिया है।’

End Article
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभा...

End of Feed