पुणे की विशेष अदालत में चल रहे राहुल गांधी की जान को खतरे के दावे वाले मामले में अचानक बड़ा मोड़ आ गया है। राहुल गांधी की तरफ से लिखित जवाब दाखिल करने वाले वकील मिलिंद पवार ने अचानक यह जवाब वापस लेने का ऐलान किया है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी (फाइल फोटो- PTI)
वकील ने क्या कहा
मिली जानकारी के अनुसार, वकील मिलिंद पवार ने बताया कि उन्होंने अपने क्लाइंट राहुल गांधी से निर्देश लिए बिना यह लिखित जवाब दाखिल कर दिया था, जो कि उन्होंने अब वापस ले लिया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राहुल गांधी इस लिखित जवाब को लेकर नाराज हैं। पवार ने कहा कि वे आगामी सुनवाई में अदालत में औपचारिक तौर पर एक आवेदन पेश करके इस लिखित जवाब को वापस लेंगे।
पुणे में चल रही है सुनवाई
यह मामला पुणे की विशेष एमपी/एमएलए अदालत में चल रहा है, जिसमें सावरकर के पोते ने राहुल गांधी के खिलाफ एक याचिका दायर की है। यह याचिका राहुल गांधी की जान को खतरा होने के दावे से जुड़ी हुई है। फिलहाल इस याचिका पर अदालती कार्यवाही जारी है।
कांग्रेस ने क्या कहा
कांग्रेस ने बुधवार को कहा कि राहुल गांधी के वकील ने मानहानि मामले में सुनवाई कर रही पुणे की एक अदालत में उनकी सहमति के बिना यह दावा करते हुए आवेदन दिया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष की जान को खतरा है। पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने यह भी कहा कि राहुल गांधी के वकील बृहस्पतिवार को अपना यह लिखित वक्तव्य वापस लेंगे। खेड़ा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘राहुल गांधी के वकील ने बिना उनकी सहमति के अदालत में उनकी जान को खतरे की बात रखी। राहुल गांधी को इस बात से घोर आपत्ति है और कल उनके वकील अदालत में अपना यह वक्तव्य वापस लेंगे।’’
