परिसीमन बिल पर टूट गई लालू की RJD! राजद के दो सांसद करेंगे समर्थन, खुलकर उतरे जहानाबाद सांसद

परिसीमन बिल को लालू यादव की पार्टी के दो सांसद भी सपोर्ट करेंगे। जिसमें एक जहानाबाद के सांसद सुरेंद्र यादव का नाम सामने आ रहा है।

पटना, 27 नवंबर: परिसीमन बिल पर अब एनडीए के समर्थन में विपक्ष टूटने लगा है। डीएमके सपोर्ट के लिए शर्त रख चुकी है। वहीं अब जो खबर आ रही है, वो विपक्ष के लिए बहुत बड़ा झटका होने वाला है। परिसीमन बिल के सपोर्ट पर लालू यादव की पार्टी राजद टूटती दिख रही है। सूत्रों की मानें तो राजद के लोकसभा में दो सांसद इस बिल को सपोर्ट करेंगे। बता दें कि राजद के लोकसभा में 4 ही सांसद हैं।

tejashwi yadav lalu yadav

राजद प्रमुख लालू यादव और तेजस्वी यादव (फोटो- @tejashwiyadav)

जहानाबाद सांसद ने कर दिया इशारा

राजद के टूट रहे सांसदों की लिस्ट में जहानाबाद के सांसद सुरेंद्र यादव सबसे ऊपर दिख रहे हैं। सुरेंद्र यादव ने इशारों ही इशारों में अपने इरादे जाहिर कर दिए। राजद के जहानाबाद सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव ने परिसीमन विधेयक को लेकर गया में कहा कि वह इसके पक्ष में हैं। बढ़ती आबादी और विकास के बढ़ते दबाव को देखते हुए परिसीमन अभी होना चाहिए। लोकसभा की सीटें बढ़ती हैं तो इससे जनता और जनप्रतिनिधियों दोनों को फायदा होगा। कहा कि देश-दुनिया में आबादी बढ़ी है। ऐसे में सरकार पर विकास और क्षेत्रफल के हिसाब से काफी दबाव बढ़ गया है। जनसंख्या बढ़ने के साथ संसाधनों और विकास कार्यों का बोझ भी बढ़ रहा है। इसलिए आबादी के अनुपात में परिसीमन होना जरूरी है।

किसे देंगे वोट, राजद का नहीं लिया नाम

उन्होंने कहा कि 2027 में जब जनसंख्या बढ़ने की बात सामने आएगी, तब अचानक क्या किया जाएगा? किसी भी काम के लिए पहले से तैयारी करनी पड़ती है। अगर परिसीमन की तैयारी अभी से नहीं होगी तो आगे परेशानी हो सकती है। इसलिए परिसीमन अभी होना चाहिए। इससे जनप्रतिनिधियों को अपने क्षेत्र में काम करने का अधिक अवसर मिलेगा और जनता को भी विकास का ज्यादा लाभ मिल सकेगा। लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह इसके पक्ष में हैं। आबादी के हिसाब से प्रतिनिधित्व बढ़ना चाहिए, ताकि जनता की समस्याओं को संसद में बेहतर तरीके से उठाया जा सके। वहीं, आगामी चुनाव में किसे वोट देंगे, इस सवाल पर सांसद ने कहा कि वोट देना गुप्त होता है। उन्होंने कहा कि मोदी, अमित शाह या सम्राट चौधरी से भी कोई नहीं पूछता कि वे किसे वोट देंगे। मतदान के समय इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के जरिए ही इसका पता चलता है।

दूसरे सांसद कौन?

राजद का वो दूसरा सांसद कौन है, जो मोदी सरकार के बिल के सपोर्ट में जाएगा, उसके नाम का खुलासा नहीं हुआ है। राजद के चार सांसदों में एक लालू यादव की बेटी- मीसा भारती हैं, दूसरे बक्सर से सुधारकर सिंह और तीसरे औरंगाबाद से अभय कुमार सिन्हा।

End Article
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभव...

End of Feed