Twisha Sharma Case: भोपाल में चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। अब इस मामले में एक अहम सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसने जांच को नया मोड़ दे दिया है। यह फुटेज उस ब्यूटी पार्लर का बताया जा रहा है, जहां ट्विशा अपनी मौत से कुछ घंटे पहले गई थीं। जानकारी के अनुसार, वह करीब तीन घंटे तक पार्लर में रहीं और वहां लगभग 7 हजार रुपये खर्च किए थे। बताया जा रहा है कि ट्विशा दोपहर करीब 3 बजे पार्लर पहुंची थीं और शाम करीब 6 बजे वहां से घर लौटीं। उसी रात उनकी मौत हो गई। शुरुआती तौर पर इस मामले को आत्महत्या बताया गया था, लेकिन अब कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
ट्विशा शर्मा मौत मामले में सामने आया नया CCTV फुटेज (फोटो: सोशल मीडिया)
आखिर घर लौटने के बाद ऐसा क्या हुआ?
सामने आए सीसीटीवी फुटेज (tTwisha Sharma CCTV video) में ट्विशा बिल्कुल सामान्य दिखाई दे रही हैं। उनके व्यवहार, चेहरे और बातचीत से ऐसा नहीं लग रहा था कि वह किसी तनाव या डर में थीं। यही वजह है कि अब लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर घर लौटने के बाद ऐसा क्या हुआ जिससे उनकी मौत हो गई। ब्यूटी पार्लर की संचालिका ने भी इस मामले में कई अहम बातें बताई हैं। उन्होंने कहा कि ट्विशा ने सामान्य तरीके से सेवाएं लीं और पूरा भुगतान भी किया। मौत के बाद ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह ने उन्हें फोन कर सीसीटीवी फुटेज और पैसों के लेनदेन से जुड़े सबूत मांगे थे। अगले दिन उनके वकील भी पार्लर पहुंचे और जरूरी दस्तावेज और फुटेज अपने साथ ले गए।
सवालों के घेरे में ट्विशा की सास
इस खुलासे के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। अब सवाल उठ रहे हैं कि ट्विशा की सास को इतनी जल्दी इन सबूतों की जरूरत क्यों पड़ी। क्या यह खुद को बचाने की कोशिश थी या फिर इसके पीछे कोई और वजह है? फिलहाल इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आएंगे। मध्य प्रदेश सरकार ने इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपने की सिफारिश की है। ट्विशा शर्मा 12 मई को कटारा हिल्स स्थित अपने ससुराल में फंदे पर लटकी मिली थीं। उनके परिवार ने ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। वहीं ससुराल पक्ष ने इन आरोपों से इनकार किया है। मामले की जांच अभी जारी है।
