Tamil Nadu Elections: तमिलनाडु के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और द्रमुक के बीच सीट बंटवारे को लेकर पेच फंसा हुआ है। बीते दिनों कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और द्रमुक नेत्री कनिमोझी ने मुलाकात की, लेकिन सीट बंटवारे को लेकर कोई सहमति नहीं बनी। इस बीच, अभिनेता से नेता बने विजय के पिता एस ए चंद्रशेखर ने कांग्रेस संग गठबंधन की इच्छा जताई है।
टीवीके प्रमुख विजय (बाएं) और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (दाएं) (फाइल फोटो)
क्या विजय से हाथ मिलाएगी कांग्रेस?
एस ए चंद्रशेखर ने ग्रैंड ओल्ड पार्टी कांग्रेस से अपील की कि वह आगामी चुनाव में अपनी पुरानी प्रतिष्ठा हासिल करने के लिए उनके बेटे की टीवीके पार्टी के साथ गठबंधन करे। समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, चंद्रशेखर ने कहा, ''तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को समर्थन पर विचार कर रही है।''
'कांग्रेस को करना चाहिए गठबंधन'
चंद्रशेखर ने कहा कि कांग्रेस का लंबा इतिहास और विरासत है... विजय उसे समर्थन देने और उसकी पुरानी प्रतिष्ठा को वापस दिलाने में मदद को तैयार हैं। अब यह कांग्रेस पर है कि वह इस अवसर का लाभ उठाए। दिग्गज फिल्म निर्माता ने सुझाव दिया कि कांग्रेस को तमिलनाडु में अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता को फिर से बनाने के लिए विजय की पार्टी के साथ चुनावी गठबंधन करना चाहिए।
चंद्रशेखर ने कहा, ‘‘वे (कांग्रेस) अन्य पार्टियों को समर्थन दे रहे हैं और उनका प्रभाव कम हो रहा है। विजय उनका समर्थन करने और उन्हें उनकी पुरानी प्रतिष्ठा वापस दिलाने में मदद करने के लिए तैयार हैं। यह कांग्रेस पर निर्भर है कि वह इस अवसर का लाभ उठाए।’’
उन्होंने दावा किया कि कई लोगों ने उनके बेटे को विधानसभा चुनाव अकेले लड़ने की सलाह दी थी, क्योंकि गठबंधन के बिना चुनाव लड़ने पर उनकी जीत निश्चित है। पिता ने दावा किया कि उनके बेटे का चुनावी भविष्य उज्ज्वल है।
