Delhi Pollution: दिल्ली में BS-IV डीजल टूरिस्ट टैक्सियों और पर्यटक बसों के संचालन पर 1 नवंबर से प्रस्तावित प्रतिबंध को लेकर परिवहन कारोबारियों ने विरोध जताया है। दिल्ली टैक्सी एंड टूरिस्ट ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पत्र लिखकर इस फैसले पर पुनर्विचार करने और BS-IV डीजल टैक्सियों एवं पर्यटक बसों को दिल्ली में चलने की अनुमति देने की मांग की है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (फाइल फोटो)
एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सम्राट ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा है कि दिल्ली-NCR में हजारों वाहन मालिकों, ट्रांसपोर्ट ऑपरेटरों और लाखों ड्राइवरों की आजीविका टैक्सी एवं पर्यटक बसों पर निर्भर है। ऐसे में अचानक इन वाहनों का संचालन बंद होने से बड़ी संख्या में परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है।
बारिश के बाद AQI में सुधार का दिया हवाला
संजय सम्राट ने कहा कि हाल के दिनों में दिल्ली और आसपास के इलाकों में हुई बारिश के बाद वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में काफी सुधार हुआ है। ऐसे में मौजूदा प्रदूषण स्तर और परिस्थितियों को देखते हुए सरकार को प्रस्तावित प्रतिबंधों पर दोबारा विचार करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि दीपावली के त्योहार से ठीक पहले हजारों टैक्सियों और पर्यटक बसों का संचालन बंद होने से वाहन मालिकों और ड्राइवरों को आर्थिक नुकसान होगा। वाहन मालिकों को बैंक की किश्तें चुकानी है, जबकि ड्राइवरों की रोजी-रोटी इन वाहनों के संचालन पर निर्भर करती है।
BS-VI से नीचे के वाहनों पर पाबंदी की भी समीक्षा की मांग
एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से 1 नवंबर 2026 से BS-IV डीजल टूरिस्ट टैक्सियों और पर्यटक बसों पर प्रस्तावित प्रतिबंध को तत्काल वापस लेने या स्थगित करने की मांग की है। इसके अलावा BS-VI से नीचे के वाहनों पर प्रस्तावित पाबंदियों की भी समीक्षा करने और प्रदूषण के वास्तविक स्तर तथा वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर व्यावहारिक फैसला लेने का आग्रह किया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: दिल्ली वालों ध्यान दो! घर से निकलने से पहले देख लें ट्रैफिक एडवाइजरी, रन फॉर यूनिटी के चलते बदलेगा यातायात
संजय सम्राट ने स्पष्ट किया कि एसोसिएशन प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण के खिलाफ नहीं है, लेकिन सरकार को पर्यावरण के साथ आम नागरिकों और परिवहन क्षेत्र से जुड़े परिवारों की आजीविका का भी ध्यान रखना चाहिए।
CAQM से भी मांगी राहत, मुख्यमंत्री से मुलाकात का समय मांगा
एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से दिल्ली सरकार और वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) के संबंधित अधिकारियों के साथ जल्द बैठक कराने का अनुरोध किया है, ताकि परिवहन उद्योग की समस्याओं और सुझावों को सीधे सरकार के सामने रखा जा सके।
संजय सम्राट ने CAQM के चेयरमैन को भी पत्र लिखकर राहत देने की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री से एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल को मुलाकात का समय देने का आग्रह करते हुए कहा कि प्रदूषण नियंत्रण के नाम पर लाखों लोगों की रोजी-रोटी प्रभावित नहीं होनी चाहिए। सरकार को पर्यावरण संरक्षण और रोजगार के बीच संतुलन बनाते हुए मानवीय दृष्टिकोण अपनाना चाहिए।
