Top Headlines of 3 April 2023: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार (तीनअप्रैल, 2023) को भ्रष्टाचारियों के खिलाफ सीबीआई को खुली छूट दे दी। उन्होंने कहा कि सीबीआई को कहीं भी रुकने की जरूरत नहीं है। कोई भी भ्रष्टाचारी उनसे बचना नहीं चाहिए। वहीं, छत्तीसगढ़ के चतरा जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में पांच माओवादियों मार गिराए गए। इस बीच, बिहार में दंगों (रामनवमी पर शोभायात्राओं के दौरान हुए) के मसले पर सूबे की विधानसभा में जमकर हंगामा हुआ और सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई, जबकि झारखंड के साहिबगंज में भी तनाव की स्थिति देखने को मिली। उधर, कांग्रेस नेता राहुल गांधी साल 2019 के आपराधिक मानहानि मामले में अपनी दोषसिद्धि के खिलाफ अपील दायर करने के लिए सोमवार को सूरत की एक अदालत में मौजूद रहेंगे। आइए, जानते हैं दोपहर एक बजे तक की बड़ी हेडलाइंस:
नहीं सुलझता केस तब होती है...- बोले PM
सीबीआई के हीरक जयंती समारोह पर पीएम ने कहा- एजेंसी ने अपने काम एवं तकनीकों से लोगों में भरोसा जगाया है। आज भी जब कोई मामला नहीं सुलझता है तो उसे सीबीआई को सौंपने की मांग होती है। विकसित भारत का निर्माण पेशेवर और कुशल संस्थानों के बिना संभव नहीं है, इसलिए सीबीआई पर एक बड़ी जिम्मेदारी है। आपको (CBI) कहीं पर भी रुकने की ज़रूरत नहीं है। मैं जानता हूं आप जिनके खिलाफ एक्शन ले रहे हैं वे बेहद ताकतवर लोग हैं...बरसों तक वे सरकार और सिस्टम का हिस्सा रहे हैं। आज भी वे कई जगह किसी राज्य में सत्ता का हिस्सा हैं लेकिन आपको अपने काम पर फोकस रखना है कोई भी भ्रष्टाचारी बचना नहीं चाहिए।आम लोगों के साथ प्लेन में राहुल-प्रियंका, सजा को आज देंगे चुनौती
मानहानि मामले में सूरत के सेशंस कोर्ट से मिली दो साल की सजा को कांग्रेस नेता राहुल गांधी सोमवार को चुनौती देंगे। वह सूरत के मजिस्ट्रेट कोर्ट के समक्ष पेश होंगे और इस सजा को खत्म करने की अपील करेंगे। सूरत जाने के लिए वह दिल्ली में अपनी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ एक प्लेन में सवार हुए। खास बात यह है कि यह कोई प्राइवेट जेट नहीं बल्कि एक यात्री विमान था जिसमें उनके साथ आम लोग सवार थे। कांग्रेस के दोनों नेता प्लेन के अगली सीटों पर बैठे नजर आए। राहुल सफेद टी-शर्ट और प्रियंका गांधी काले लिबास में नजर आईं।बिहार में हिंसाः सड़क से संसद तक आक्रोश, सुशील मोदी बोले- शाह के...
रामनवमी पर विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन के बाद बिहार के कुछ हिस्सों में भड़की हिंसा को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और सत्तारूढ़ ‘महागठबंधन’ के बीच आरोप-प्रत्यारोपों के चलते बिहार विधानसभा में सोमवार को हंगामे की स्थिति पैदा हो गई, जिसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दी। भाजपा ने ‘महागठबंधन’ के नेतृत्व वाली सरकार पर सासाराम और बिहारशरीफ शहरों में सांप्रदायिक हिंसा को रोकने में विफल रहने का आरोप लगाया, वहीं सत्तारूढ़ गठबंधन ने पार्टी पर दंगा भड़काने का आरोप लगाया। हंगामे को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी ने सदन की कार्यवाही पूर्वाह्न 11 बजे शुरू होने के 15 मिनट के भीतर ही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी।झारखंडः चतरा में मुठभेड़, पांच माओवादी ढेर
इस बीच, झारखंड के चतरा जिले में सोमवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में पांच माओवादियों को मार गिराया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ राजधानी रांची से 160 किलोमीटर दूर लावालौंग पुलिस थाना क्षेत्र में चतरा-पलामू सीमा के पास हुई। चतरा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) राकेश रंजन ने बताया, ‘‘पांच माओवादियों को मार गिराया गया और कई अन्य गोली लगने से घायल हो गए। मारे गए सभी माओवादियों के शव बरामद कर लिए गए हैं।’’ उन्होंने बताया कि घटनास्थल से बड़ी मात्रा में हथियार एवं गोलाबारूद बरामद हुआ है।Indore के मंदिर में जहां गई थीं 36 जान, वहां चला बुलडोजर, देखें VIDEO
वहीं, मध्य प्रदेश के इंदौर में बावड़ी पर बने एक मंदिर का फर्श धंसने से 36 श्रद्धालुओं की मौत के चार दिन बाद स्थानीय प्रशासन ने सोमवार को सुबह इस धार्मिक परिसर के आसपास से अतिक्रमण हटाने की मुहिम शुरू की और हिंदू देवी-देवताओं की मूर्तियां अन्य देवस्थान में पहुंचाईं। अधिकारियों ने बताया कि पटेल नगर के बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर परिसर में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में यह मुहिम शुरू की गई और मंदिर तक पहुंचने के रास्तों पर बैरिकेड लगाए गए। मंदिर परिसर के आस-पास करीब 10,000 वर्ग फुट जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। इस बीच, मौके पर मौजूद एक पंडित ने बताया कि इस कार्रवाई से पहले मंदिर की मूर्तियों की विधि-विधान से पूजा की गई और इन्हें कांटाफोड़ मंदिर ले जाकर स्थापित किया गया।सीनियर सिटिजंस को रेलवे में मिलने वाली किराया रियायत बहाल हो- केजरीवाल
इस बीच, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखकर उनसे वरिष्ठ नागरिकों को रेलवे द्वारा दी जाने वाली किराया रियायतें बहाल करने का अनुरोध किया है। केजरीवाल ने पिछले शनिवार को प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में कहा कि केंद्र का बजट 45 लाख करोड़ रुपये का है और अगर वरिष्ठ नागरिकों को रियायतें दी जाती हैं तो इस पर 1600 करोड़ रुपये का व्यय होगा। उन्होंने इस राशि को ‘‘सागर में एक बूंद’’ करार देते हुए कहा कि यह राशि खर्च नहीं करने से सरकार अमीर नहीं बन जाएगी। उन्होंने कहा कि सुविधाएं बंद करने से वरिष्ठ नागरिकों को यह संदेश मिल रहा है कि सरकार को उनकी परवाह नहीं है, जो देश की संस्कृति के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों के आशीर्वाद के बिना कोई व्यक्ति, समाज या देश विकास नहीं कर सकता है।उधर, फिनलैंड के संसदीय चुनाव में रविवार को बेहद कड़े त्रिकोणीय मुकाबले में मुख्य रूढ़िवादी पार्टी ने जीत का दावा किया है और दक्षिणपंथी धड़ा दूसरे तथा प्रधानमंत्री सना मारिन की सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी तीसरे स्थान पर रही जिससे मारिन की दोबारा चुनाव लड़ने की उम्मीदों पर पानी फिर गया। मध्यमार्गी-दक्षिणपंथी नेशनल कोलिशन पार्टी (एनसीपी) ने रविवार शाम को सभी दौर की मतगणना के बाद जीत का दावा किया और 20.8 प्रतिशत वोट के साथ शीर्ष पर रही। एनसीपी के बाद दक्षिणपंथी पॉपुलिस्ट पार्टी 20.1 प्रतिशत वोट के साथ दूसरे स्थान पर रही जबकि सोशलिस्ट डेमोक्रेटिक पार्टी 19.9 प्रतिशत वोट के साथ तीसरे स्थान पर रही।
