Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो ममता बनर्जी ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला। ममता ने भाजपा पर आरोप लगाया कि भगवा पार्टी टीएमसी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को निशाना बना रही है। ममता ने कहा कि 'भाजपा यदि टीएमसी को खत्म करना या उन्हें चुप कराना चाहती है तो इसके लिए उन्हें जान से मारना पड़ेगा।'
ममता बनर्जी ने भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप।
'आपको मुझे जान से मारना पड़ेगा'
टीएमसी में हुई बगावत और पार्टी कार्यकर्ताओं के कथित प्रताड़ना पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए ममता ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि 'टीएमसी को डराने-धमकाने के लिए भाजपा ने कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी है। मुझे चुप कराने के लिए, आपको मुझे जान से मारना पड़ेगा।' टीएमसी नेता ने पार्टी नेताओं पर हमले और उन्हें अपमानित करने का आरोप भी लगाया। ममता ने कहा कि महुआ मोइत्रा, अभिषेक बनर्जी और कल्याण बनर्जी पर हमले हुए। ममता ने कहा, 'आपने किस पर हमला नहीं किया? आपने महुआ, अभिषेक, कल्याण पर हमले किए आप ने मेरे घर पर हमला किया।'
ममता का आरोप-टीएमसी नेताओं का सिर मुंडवाया
वीडियो में ममता ने आगे कहा, 'मेरे कई सहयोगी लॉक-अप में बंद हैं और उन्हें नंगे फर्श पर सोने के लिए मजबूर किया जा रहा है। कुछ को कमर में रस्सी बांधकर और पैरों में बेड़ियां डालकर घुमाया जा रहा है। कुछ का सिर मुंडवा दिया गया है, जबकि कुछ पर घिनौने पदार्थ फेंके गए हैं। इन घटनाओं का जिक्र करना भी शर्मनाक है।'
TMC अपना राजनीतिक संघर्ष जारी रखेगी-ममता
ममता ने दावा किया कि उनकी पार्टी को दबाने की हर कोशिश के बावजूद TMC अपना राजनीतिक संघर्ष जारी रखेगी और किसी भी तरह के दबाव या डर से पीछे नहीं हटेगी। पश्चिम बंगाल में मिड-डे मील के तहत चुनिंदा सरकारी स्कूलों में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर अंडे की जगह शाकाहारी विकल्प देने के भाजपा सरकार के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए ममता ने सरकार पर जनता के असली मुद्दों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, 'बच्चों को मिड-डे मील में अंडे तक नहीं मिल रहे हैं, लेकिन आप ऐसी हरकतों में व्यस्त हैं। यह कभी बंगाल की संस्कृति नहीं रही। हम भी 15 साल तक सत्ता में रहे, लेकिन मैंने कभी पुलिस से इस तरह के काम नहीं करवाए।'
टीएमसी में जारी है टूट
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार स्कूली बच्चों की जरूरतों को प्राथमिकता देने के बजाय राजनीतिक प्रतिशोध की राजनीति में लगी हुई है। ममता बनर्जी का यह वीडियो संदेश ऐसे समय सामने आया है, जब उनकी पार्टी में लगातार टूट जारी है। गुरुवार को टीएमसी के तीन पूर्व सांसद भाजपा में शामिल हो गए। इनमें सुष्मिता देव, सुखेंदु शेखर राय और प्रकाश चिक बराइक का नाम शामिल है।
