पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नाम और चुनाव चिन्ह को लेकर चल रही खींचतान अब नंदीग्राम उपचुनाव तक पहुंच गई है। पार्टी के बागी खेमे ने बुधवार को टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी को नंदीग्राम से चुनाव लड़ने की खुली चुनौती दी। साथ ही कहा कि अगर ममता यहां से मैदान में उतरती हैं तो उनका गुट उनके खिलाफ कोई उम्मीदवार नहीं उतारेगा।
ममता बनर्जी और ऋतब्रत बनर्जी
बागी टीएमसी के प्रवक्ता रिजु दत्ता ने पश्चिम बंगाल विधानसभा के बाहर कहा कि ममता बनर्जी नंदीग्राम से चुनाव लड़ती हैं तो उनका गुट प्रत्याशी नहीं उतारेगा। उन्होंने कहा कि वे चाहते हैं कि ममता चुनाव लड़ें, जीतें और विधानसभा में वापस लौटें।
बागी खेमे ने कहा- विपक्षी वोट नहीं बंटने देंगे
बागी TMC विधायक मदन मित्रा ने कहा कि ममता के खिलाफ उम्मीदवार नहीं उतारने का फैसला इसलिए किया गया है ताकि भाजपा विरोधी वोटों का बंटवारा न हो। उन्होंने कहा कि अगर उनका गुट भाजपा की ‘बी टीम’ होता तो वह विपक्षी वोट बांटने के लिए दो के बजाय तीन-चार उम्मीदवार उतार सकता था। मदन मित्रा ने दावा किया कि नंदीग्राम में ममता को वॉकओवर देने का फैसला यह साबित करेगा कि उनका गुट भाजपा के इशारे पर काम नहीं कर रहा है।
नंदीग्राम में मिली थी ममता को हार
नंदीग्राम ममता बनर्जी के राजनीतिक सफर में बेहद अहम रहा है। 2021 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने तत्कालीन करीबी सहयोगी और भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ नंदीग्राम से चुनाव लड़ा था। हालांकि, उन्हें इस सीट पर हार का सामना करना पड़ा था। 2026 के विधानसभा चुनाव में भी सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम से जीत दर्ज की। इसके अलावा उन्होंने ममता बनर्जी को उनके गृह क्षेत्र भवानीपुर में भी हराया। इस चुनाव में सुवेंदु अधिकारी ने भवानीपुर सीट अपने पास रखी और नंदीग्राम सीट खाली कर दी, जिसके चलते यहां उपचुनाव हो रहा है।
TMC के नाम और चुनाव चिन्ह पर भी विवाद
टीएमसी के बागी गुट का यह ऐलान ऐसे समय हुआ है जब TMC के दो धड़ों के बीच पार्टी के नाम और चुनाव चिन्ह पर अधिकार की लड़ाई चल रही है। चुनाव आयोग ने अभी यह तय नहीं किया है कि पार्टी के आधिकारिक नाम और चुनाव चिन्ह पर किस गुट का अधिकार होगा। रितब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाला बागी गुट पार्टी के नाम और चुनाव चिन्ह पर दावा कर रहा है। उसका कहना है कि अगर चुनाव आयोग नामांकन की अंतिम तारीख से पहले उसके पक्ष में फैसला नहीं करता है तो वह निर्दलीय उम्मीदवारों के तौर पर चुनाव लड़ने की तैयारी भी कर रहा है।6 अक्टूबर को नंदीग्राम में उपचुनाव
नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर 6 अक्टूबर को उपचुनाव होना है। नामांकन प्रक्रिया बुधवार से शुरू हो गई। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 16 सितंबर है। 17 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 19 सितंबर तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। मतगणना 9 अक्टूबर को होगी।
