Kalyan Banerjee Statement on Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) के भीतर चल रही सियासी हलचलों के बीच सांसद कल्याण बनर्जी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि तृणमूल कांग्रेस का मतलब सिर्फ और सिर्फ ममता बनर्जी और पार्टी के जमीनी कार्यकर्ता हैं। टीएमसी में ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) ही सर्वोच्च नेता हैं और उनकी इस हैसियत को कोई चुनौती नहीं दे सकता।
कल्याण बनर्जी ने बागियों को दी खुली चुनौती (फाइल फोटो)
कल्याण बनर्जी ने उन अफवाहों और दावों को सिरे से खारिज कर दिया, जिनमें कहा जा रहा था कि कुछ विधायकों से धोखे से हस्ताक्षर कराए गए थे। चर्चा थी कि विधायकों से यह कहकर दस्तखत लिए गए कि ममता बनर्जी ही पार्टी की नेता रहेंगी, लेकिन बाद में किसी और को 'चीफ एडवाइजर' (मुख्य सलाहकार) घोषित कर दिया गया। बनर्जी ने कहा कि अगर किसी भी विधायक को इस प्रक्रिया से कोई आपत्ति है, तो उसे सीधे ममता बनर्जी को लिखित में शिकायत दर्ज करानी चाहिए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 2047 तक इस्लामिक खिलाफत की साजिश? RSS-BJP नेताओं को निशाना बनाने की योजना, अबूबकर समेत PFI के 21 लोगों पर NIA कोर्ट ने तय किए आरोप
कल्याण बनर्जी ने बागी खेमे को दी चुनौती
बागी तेवर अपना रहे नेताओं को कड़ा संदेश देते हुए कल्याण बनर्जी ने कहा कि किसी भी सांसद या विधायक की व्यक्तिगत हैसियत ममता बनर्जी से बड़ी नहीं है। आज वे जो कुछ भी हैं, ममता बनर्जी के नाम और चेहरे की बदौलत ही हैं। उन्होंने बागी खेमे को खुली चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनमें दम है, तो वे अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में जाएं और कार्यकर्ताओं के सामने खड़े होकर कहें कि ममता बनर्जी उनकी नेता नहीं हैं। इसके साथ ही, 20-23 सांसदों के बागी गुट में शामिल होने के दावों पर उन्होंने कहा कि बगावत की बात करने वाले पहले उन सांसदों के नाम सार्वजनिक करके दिखाएं।
अभिषेक बनर्जी जाएंगे दिल्ली
इन तमाम राजनीतिक चर्चाओं के बीच यह साफ हो गया है कि ममता बनर्जी ने एक बार फिर अभिषेक बनर्जी (Abhishek Banerjee) पर अपना पूरा भरोसा जताया है। पार्टी संगठन में बड़े बदलावों के तहत कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां तय की गई हैं:
अभिषेक बनर्जी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव के पद पर बने रहेंगे। सायनी घोष को टीएमसी युवा अध्यक्ष और माला रॉय को महिला अध्यक्ष की कमान मिली है। प्रियंका अधिकारी को टीएमसीपी (छात्र संगठन) का अध्यक्ष बनाया गया है। डेरेक ओ'ब्रायन और कल्याण बनर्जी राष्ट्रीय प्रवक्ता होंगे, जबकि कुणाल घोष और सिरसान्या बनर्जी राज्य प्रवक्ता की भूमिका निभाएंगे।
जब कल्याण बनर्जी से पूछा गया कि क्या टीएमसी आगे भी 'इंडिया अलायंस' (INDIA Alliance) की बैठकों का हिस्सा रहेगी और क्या अभिषेक बनर्जी इसमें शामिल होंगे? तो उन्होंने स्पष्ट किया कि टीएमसी पूरी तरह गठबंधन के साथ है। अभिषेक बनर्जी आगामी सोमवार को होने वाली इंडिया अलायंस की बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली जा रहे हैं।
