Operation Sheesh Mahal: आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ ऑपरेशन शीशमहल में हुए खुलासे के बाद टाइम्स नाऊ नवभारत की महिला पत्रकार भावना किशोर को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनकी गिरफ्तारी शुक्रवार को लुधियाना से पंजाब पुलिस द्वारा की गई। भावना किशोर के साथ हमारे पत्रकार साथी मृत्युंजय कुमार, परमिंदर को भी गिरफ्तार किया गया है।
टाइम्स नाउ नवभारत के तीनों रिपोर्टरों की गिरफ्तारी के 24 घंटे बाद भी उनके बारे में पंजाब पुलिस द्वारा कोई जानकारी नहीं दी गई है और न ही यह बताया जा रहा है कि पुलिस ने तीनों पत्रकारों को किन धाराओं में गिरफ्तार किया है। हालांकि, इस गिरफ्तारी के बाद टाइम्स नाउ नवभारत की Editor in Chief Navika Kumar ने कहा है कि सच्चाई दिखाना हमारा धर्म है और आम आदमी पार्टी की इन हरकतों से ऑपरेशन शीशमहल रुकने वाला नहीं है।
घने बादलों में सच को छुपाया जा रहा
नाविका कुमार ने कहा है कि मैं तीन दशकों से पत्रकारिता कर रही हूं। सच्चाई उजागर करना हमारा धर्म है। आज इसी धर्म के बदले हमारी बेटी को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा, ऑपरेशन शीशमहल को टाइम्स नाउ नवभारत ने निडरता से उठाया और सच्चाई दिखाई। यही हमारा धर्म है। आज घने बादल हम पर लगे हुए हैं। सच घने बादलों में छुपाया जा रहा है, लेकिन ये बादल छंटेंगे। न हम डरेंगे न पीछे हटेंगे। हम कुछ परेशान हैं, लेकिन पराजित नहीं किए जा सकते। भावना किशोर, मृत्युंजय कुमार, परमिंदर हमारी पूरी टीम को गलत धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है। ये तीनों एक रैली कवर करने गए थे, पंजाब के सीएम भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल को कवर करने गए थे। इवेंट का आमंत्रण आम आदमी पार्टी ने खुद भेजा था।
भावना किशोर के साथ पूरा न्यूजरूम खड़ा
नाविका कुमार ने कहा, अगर एक रिपोर्टर पब्लिक रैली नहीं कवर कर सकता, सवाल नहीं पूछ सकता, उस पर कई ऐसी धाराएं लगाई जाएं कि उसे डराने की कोशिश की जाए, तो क्या हम महान भारत में रह रहे हैं। भावना किशोर के साथ हर व्यक्ति न्यूज रूम में खड़ा है। कौन सी धाराएं लगाई गइ हैं, यह कानून देखेगा। हम पीछे नहीं हटेंगे, ऑपरेशन शीशमहल जारी रहेगा। दर्शकों तक सच पहुंचता रहेगा।
