मुंबई पुलिस ने 22 अक्टूबर यानी बृहस्पतिवार को अदालत को बताया कि बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी की जिम्मेदारी लेने वाले गैंगस्टर अनिल पंडित को वांछित आरोपी (Wanted) नामजद किया गया है। वहीं मामले में गिरफ्तार चार लोगों को अदालत ने 26 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।
टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में बड़ा एक्शन!
एस्प्लेनेड मजिस्ट्रेट अदालत ने आरोपियों को 26 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। इन आरोपियों में हरियाणा के सोनीपत जिले का कुणाल और सुमित तथा उत्तर प्रदेश निवासी राधा और बबीता शामिल हैं।
'श्रॉफ पर गोलीबारी पंडित के निर्देश पर की गई थी'
लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्य पंडित ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए 18 अक्टूबर को श्रॉफ पर हुए हमले की जिम्मेदारी ली थी।
मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने चारों आरोपियों को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करते हुए कहा कि श्रॉफ पर गोलीबारी पंडित के निर्देश पर की गई थी और चारों उन तीन व्यक्तियों के साथ साजिश में सक्रिय रूप से शामिल थे जिन्हें पहले गिरफ्तार किया गया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: लॉरेंस बिश्नोई गैंग: जेल में बॉस, बाहर 4 डायरेक्टर एक्टिव, टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में बड़ा खुलासा
'इन चार आरोपियों ने शूटर को हथियार मुहैया कराए थे'
जांचकर्ताओं ने आरोपियों की हिरासत का अनुरोध करते हुए कहा कि इन आरोपियों ने शूटर को हथियार मुहैया कराए थे। पुलिस ने बताया कि कुणाल और सुमित ने अनिल पंडित के निर्देश पर अमृतसर से एक पिस्तौल और 20 कारतूस लिये थे, जबकि राधा और बबीता मुंबई आईं और उन्होंने साजिश में शामिल अन्य लोगों को हथियार सौंप दिया।
अब तक कुल 10 लोगों को गिरफ्तार किया है
बचाव पक्ष के वकीलों अजिंक्य मिरगुल और सत्यव्रत जोशी ने हिरासत के अनुरोध का विरोध करते हुए कहा कि इन आरोपियों के खिलाफ कोई सामग्री नहीं है और उन्हें केवल संदेह के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने आरोपियों को 26 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। मुंबई के जुहू इलाके में 18 अक्टूबर की शाम दो लोगों ने श्रॉफ की कार पर गोलियां चलाईं और फिर मोटरसाइकिल से फरार हो गए। अभिनेता बाल-बाल बच गए, जबकि उनका चालक और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए। बाद में मोटरसाइकिल अंधेरी में लावारिस हालत में मिली। मुंबई पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर अब तक कुल 10 लोगों को गिरफ्तार किया है।
