देश के स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) से ठीक पहले राजधानी दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियों के बीच हड़कंप मच गया है। दिल्ली उच्च न्यायालय (Delhi High Court) और डिस्ट्रिक्ट कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरा एक संदिग्ध ई-मेल मिला है। यह धमकी खालिस्तानी संगठन के नाम से भेजी गई है, जिसके बाद पूरी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
दिल्ली हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी (AI Photo& IStock)
ई-मेल में धमाकों की समय-सीमा और जगहें
धमकी देने वाले ने ई-मेल में विस्फोट के लिए सटीक समय और स्थानों का जिक्र करते हुए बड़ा दावा किया है-
- दिल्ली हाई कोर्ट: ई-मेल के मुताबिक दोपहर 2:11 बजे हाई कोर्ट परिसर में धमाके की बात कही गई है।
- डिस्ट्रिक्ट कोर्ट: इसके ठीक एक घंटे बाद, दोपहर 3:11 बजे डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में ब्लास्ट करने की धमकी दी गई है।
- मेट्रो और ट्रेनें निशाने पर: केवल अदालतें ही नहीं, बल्कि ई-मेल में दिल्ली मेट्रो और अंबाला जाने वाली ट्रेनों को भी निशाना बनाने का दावा किया गया है।
'बब्बर खालसा' का नाम आया सामने
शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस धमकी भरे ई-मेल में आतंकवादी संगठन Babbar Khalsa (Parmar-Canada) के नाम का उल्लेख किया गया है। 15 अगस्त से ठीक पहले खालिस्तानी समर्थकों द्वारा इस तरह की धमकी दिए जाने के बाद खुफिया और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क मोड पर आ गई हैं।
सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर, जांच जारी
धमकी भरा ई-मेल मिलते ही दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ता (Bomb Disposal Squad) और डोग स्क्वॉड की टीमों ने अदालत परिसरों और संवेदनशील स्थानों पर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि ई-मेल का आईपी एड्रेस ट्रेस किया जा रहा है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह किसी की शरारत है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश है। 15 अगस्त के मद्देनजर पहले से ही दिल्ली की सीमाओं और प्रमुख प्रतिष्ठानों पर कड़ा पहरा है, और इस घटना के बाद गश्त और चेकिंग और बढ़ा दी गई है।
