देश

'यह देश-विरोधी काम से कम नहीं; हम आपको ऐसा करने की इजाजत....' राहुल गांधी ने सदन में ऐसा क्यों कहा

Rahul on Women's Reservation Bill: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आज यानी शुक्रवार 17 अप्रैल को महिला आरक्षण बिल और परिसीमन के मुद्दे पर अपनी बात रखी।

Image

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी

Rahul on Women's Reservation Bill: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने आज यानी शुक्रवार 17 अप्रैल को महिला आरक्षण बिल और परिसीमन के मुद्दे पर अपनी बात रखी। उन्होंने साफ कहा कि जिस बिल पर यहां चर्चा हो रही है, वह महिला आरक्षण बिल नहीं है। इससे महिलाओं का सशक्तिकरण नहीं होगा।

इस मुद्दे पर अपनी बात कहते हुए राहुल ने आगे कहा कि 'आप दक्षिण भारतीय राज्यों, पूर्वोत्तर राज्यों और भारत के छोटे राज्यों से कह रहे हैं कि BJP को सत्ता में बनाए रखने के लिए, हम आपसे आपका प्रतिनिधित्व छीन लेंगे। यह देश-विरोधी काम से कम नहीं है। और हम आपको ऐसा करने की इजाजत बिल्कुल नहीं देंगे।'

संसद में परिसीमन के मुद्दे पर बोलते हुए, लोकसभा में विपक्ष के नेता (LoP) राहुल गांधी ने कहा, 'आप (BJP) जो कर रहे हैं, वह इसलिए है क्योंकि आप देश की राजनीति में हो रहे घटनाक्रम से डरे हुए हैं; आप अपनी ताकत के कमज़ोर पड़ने से घबराए हुए हैं, और आप भारत के राजनीतिक नक्शे को फिर से बदलने की कोशिश कर रहे हैं। आपने असम और जम्मू-कश्मीर में ऐसा किया, और अब आप यह सोच रहे हैं कि आप पूरे भारत में भी ऐसा कर सकते हैं। ऐसा करने के लिए आपको एक संवैधानिक संशोधन की आवश्यकता होगी।'

'इलेक्टोरल मैप को बदलने की कोशिश'

राहुल गांधी ने 2023 में पास हुए महिला आरक्षण बिल को असली महिला बिल बताते हुए कहा कि आज जिस बिल पर चर्चा हो रही है, वह देश के इलेक्टोरल मैप को बदलने की कोशिश है। जिसे महिला बिल के बहाने और उन्हें सामने रखकर किया जा रहा है। उन्होंने इसे शर्मनाक बताया और कहा कि महिला आरक्षण देना आसान है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बाबत किया था ट्टीट

महिला आरक्षण विधेयक से जुड़े तीन विधेयकों पर लोकसभा में वोटिंग से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजनीतिक दलों से आधी आबादी को उसका अधिकार देने की अपील की। X पर अपने ट्वीट में पीएम ने कहा कि अब कुछ ही देर में लोकसभा में मतदान होने वाला है। मैं सभी राजनीतिक दलों से महिला आरक्षण के पक्ष में मतदान करने की अपील करता हूं। महिलाओं को लोकसभा एवं राज्यों की विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए सरकार तीन संशोधन विधेयक लेकर आई है जिन पर संसद पर चर्चा हो रही है।

हर आशंका का समाधान किया गया है-पीएम

पीएम ने कहा, 'कृपया करके सोच-विचार करके पूरी संवेदनशीलता से निर्णय लें, महिला आरक्षण के पक्ष में मतदान करें।' पीएम ने कहा कि संसद में इस समय नारीशक्ति वंदन अधिनियम में संशोधन पर चर्चा चल रही है। कल रात भी एक बजे तक चर्चा चली है। उन्होंने कहा, 'जो भ्रम फैलाए गए, उनको दूर करने के लिए तर्कबद्ध जवाब दिया गया है। हर आशंका का समाधान किया गया है। जिन जानकारियों का अभाव था, वो जानकारियां भी हर सदस्य को दी गई हैं। किसी के मन में विरोध का जो कोई भी विषय था, उसका भी समाधान हुआ है।'

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!