देश

'मेरे और PM मोदी के बीच एक बात कॉमन...', राहुल गांधी की इस बात पर पक्ष-विपक्ष दोनों तरफ लगे जोरदार ठहाके

Women's Quota Bill: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने महिला आरक्षण विधेयक पर चर्चा में हिस्सा लेते हुए मजाकिया अंदाज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अपने बीच की एक कॉमन बात बताई।

Image

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी

Photo : Times Now Digital

Women's Quota Bill: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने महिला आरक्षण विधेयक पर चर्चा में हिस्सा लेते हुए मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान, उन्होंने मजाकिया अंदाज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर एक ऐसी बात कही जिसको लेकर सत्तापक्ष से लेकर विपक्ष तक के सदस्यों ने जमकर ठहाके लगाए।

राहुल गांधी ने अपने और पीएम मोदी के बीच की एक कॉमन बात सदन को बताई। उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा कि मेरे और प्रधानमंत्री के बीच कोई 'वाइफ इश्यू' नहीं है। दरअसल, उन्होंने संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू की एक टिप्पणी का उल्लेख करते हुए कहा, ''रिजिजू जी ने कहा है, लेकिन न तो मेरे पास और न ही प्रधानमंत्री के पास पत्नी वाला मसला है, इसलिए हमें उस नजरिए से प्रतिक्रिया नहीं मिलती है। लेकिन हमारी मां और बहन हैं।''

प्रियंका की जमकर की तारीफ

राहुल गांधी ने अपनी बहन और वायनाड सांसद प्रियंका गांधी की जमकर तारीफ की और कहा कि जो काम वो 20 साल में नहीं कर पाए, उनकी बहन ने वो कर दिखाया। राहुल ने एक दिन पहले गुरुवार को लोकसभा में प्रियंका गांधी के उस बयान का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने 'चाणक्य' का नाम लेकर टिप्पणी की थी। राहुल गांधी ने प्रियंका के संबोधन को 'बेहद शानदार' बताया।

लोकसभा में चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने एक निजी किस्सा भी साझा किया। उन्होंने कहा कि बचपन में उनकी दादी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने उनसे कहा था कि असली ताकत छिपकर काम करती है और इंसान को सबसे ज्यादा डर खुद से ही होना चाहिए। उन्होंने इस बात को मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों से जोड़ते हुए समझाने की कोशिश की।

राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी महिलाओं के मुद्दे के पीछे छिपकर देश के चुनावी नक्शे को बदलने की कोशिश कर रही है। महिलाओं को आरक्षण देने की बजाय असली मुद्दों से ध्यान भटकाया जा रहा है। सब जानते हैं कि हमारे समाज में दलितों और ओबीसी के साथ क्या हुआ और उनकी महिलाओं के साथ कैसा व्यवहार किया गया। भाजपा जातीय जनगणना से बचने की कोशिश कर रही है और ओबीसी समुदाय के अधिकारों को नजरअंदाज किया जा रहा है। भाजपा भारत की बदलती राजनीति से डरी हुई है और उसे अपनी सत्ता कमजोर होती नजर आ रही है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!