Poonam Pandey Death Stunt: मशहूर मॉडल और अदाकारा पूनम पांडेय की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। अपनी मौत की झूठी खबर फैलाने के बाद उनके खिलाफ पुलिस में तीसरी शिकायत दर्ज की गई है। मुंबई सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर फैजान अंसारी पुलिस को दी लिखित शिकायत में मांग की है कि पूनम पांडे के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज की जाए।
पूनम पांडे के खिलाफ तीसरी शिकायत
फैजान अंसारी की ओर से दी गई शिकायत में कहा गया है कि पूनम पांडे ने पब्लिसिटी पाने के लिए खुद की मौत की झूठी अफवाह फैलाई और लोगों को गुमराह कर सनसनी फैलाने की कोशिश की। बता दें, हाल ही में पूनम पांडे की सर्वाइकल कैंसर से मौत की खबर सामने आई थी, इसके एक दिन बाद पूनम पांडे सामने आईं और कहा कि वह जिंदा हैं।
कानूनी पहुलुओं पर विचार कर रही पुलिस
पूनम पांडे के खिलाफ यह इस तरह की तीसरी शिकायत है। इससे पहले ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन और एडवोकेट अली कासिफ ने ऐसी ही एक शिकायत पूनम पांडे के खिलाफ की थी, जिसमें उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई थी। मुंबई पुलिस का कहना है इस मामले में लीगल तरीके से कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल कानूनी पहलुओं पर विचार विमर्श किया जा रहा है।
सर्वाइकल कैंसर के लिए जागरूकता फैलाने के लिए किया ऐसा
सर्वाइकल कैंसर से पूनम पांडे की मृत्यु की खबर आने और सोशल मीडिया पर तीखी बहस छिड़ने के एक दिन बाद 32 वर्षीय अभिनेत्री ने शनिवार को घोषणा की कि वह जीवित है और बीमारी के बारे में गंभीर जागरूकता फैलाने के लिए फर्जी खबर प्रकाशित की गई थी। उन्होंने कहा, मैं जानती हूं कि आपको इस खबर से कितना बुरा लगा होगा लेकिन मैं आपसे इस बीमारी पर भी विचार करने का अनुरोध करती हूं। इस कदम पर अपनी राय देने से पहले मैं आपसे दुनियाभर में महिलाओं के लिए पैदा हो रही चिंताजनक स्थिति पर गौर करने का अनुरोध करती हूं। इस मुद्दे को लेकर जागरूकता का अभाव ही वह वजह है जिसके कारण मुझे यह कदम उठाना पड़ा।
