Opeartion Sindoor : 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान भारतीय सेना ने अपनी बहादुरी, शौर्य और पराक्रम का परिचय फहरा दिया। लेह से लेकर गुजरात के भुज तक भारतीय सेना ने पाकिस्तान के सभी मंसूबों को नाकाम करते हुए उसे कड़ा सबक सिखाया। कश्मीर में नियंत्रण (LoC) पर सीजफायर का उल्लंघन होने पर सेना ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान को भारी नुकसान पहुंचाया। 'ऑपरेशन सिंदूर' में शामिल सेना के जवानों ने कहा कि उनकी कार्रवाई ऐसी है कि पाकिस्तान को दशकों तक जवाब याद रहेगा।
भारतीय सेना ने दिखाया गजब का पराक्रम।
गोली उन्होंने चलाई, हमने धमाका किया-मेजर
मोर्चे पर तैनात सेना के एक मेजर ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा कि 'गोली उन्होंने चलाई थी पर धमाका हमने किये। ऑपरेशन सिंदूर प्रतिक्रिया नहीं था। यह एक अच्छी तरह से सोचा-विचारा और वांछित लक्ष्य को हाशिल करने वाला अभियान था। हमारा इरादा बिल्कुल स्पष्ट था। हमें दुश्मन के आतंकी ढांचे और घुसपैठ कराने में आतंकियों की मदद करने वाले पोस्ट्स को तबाह करना था। इसके लिए हम मानसिक, शारीरिक, रणनीतिक और लॉजिस्टिक हर तरीके से तैयार थे। इस अभियान के लिए हमारे पास स्वदेशी उन्नत रडार सिस्टम और लक्ष्य को निशाना बनाने वाले अलग अलग तरह के हथियार थे।'
'हमने उनका हौसला भी तोड़ दिया'
मेजर ने आगे कहा कि 'लेकिन इसके अलावा सबसे महत्वपूर्ण बात हमारे सैनिकों का जज्बा था। पाकिस्तान की तरफ से भारी गोलाबारी हो रही थी, लेकिन गर्व के साथ कह सकता हूं कि हमारी तरफ से कोई हताहत नहीं हुआ। हमारा उद्देश्य साफ था – उनके आतंकवादी ढांचे को नेस्तनाबूद करना। जब उन्होंने हमारे नागरिक इलाकों और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाना शुरू किया, तब हमारा इरादा भी स्पष्ट था – अगर वे हमारे गांव पर गोले बरसाएंगे, तो हम उनके पोस्ट को ध्वस्त कर देंगे। हमारा हर गोला उनके लिए जवाब था। हमने सुनिश्चित किया कि कोई भी नागरिक हताहत न हो। ऑपरेशन सिंदूर ने न सिर्फ उनके पोस्ट तबाह किए, बल्कि उनके हौसले भी तोड़ दिए। हमें मौका मिला और हमने उसे पूरी तरह भुनाया। हमने ऐसा जवाब दिया है जिसे वे कभी नहीं भूलेंगे और भविष्य में कोई भी कदम उठाने से पहले सौ बार सोचेंगे।'
दुश्मन को भारी नुकसान उठाना पड़ा-जवान
भारतीय सेना के एक सैनिक ने कहा, 'ऑपरेशन सिंदूर का उद्देश्य हमारे लिए बिल्कुल स्पष्ट था —उन पोस्टों को निशाना बनाना और नष्ट करना जो आतंकवादियों को समर्थन दे रहे थे। हमारी जवाबी कार्रवाई इतनी सटीक थी कि हमें कोई नुकसान नहीं हुआ। हमारी फायरिंग इतनी सटीक थी कि दुश्मन हमारा ध्यान भटकाने के लिए हमारे नागरिक इलाकों को निशाना बनाने लगा, दुश्मन को भारी नुकसान उठाना पड़ा।'
