'मोदी तेरी कब्र खुदेगी, आज नहीं तो कल खुदेगी...' जयपुर महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष मंजू लता मीणा के इस बयान को लेकर बवाल मचा हुआ है। Congress की रैली को लेकर किरेन रिजिजू ने मांग की है कि-'कांग्रेस को माफी मांगनी चाहिए।', किरेन रिजिजू बोले-PM की कब्र खोदने की बात कही गई... PM को मारने की बात कही गई। इसके लिए बीजेपी कांग्रेस पर जमकर हमलावर है।
किरेन रिजिजू ने मांग की है कि- 'कांग्रेस को माफी मांगनी चाहिए'
मंजू लता मीणा ने अपनी बात का बचाव करते हुए उन्होंने कहा, 'मैंने कहा था मोदी तेरी कब्र खुदेगी, आज नहीं तो कल खुदेगी।' मैं इस पर कायम हूं। हमारा काम जनता के सामने सच लाना है, आज राहुल गांधी वोट चोरी का सच जनता के सामने लाए, इसीलिए जनता हमारा साथ दे रही है। देश के कोने-कोने से लोग आए हैं...'
बीजेपी ने इसे लेकर शेयर किया था वीडियो-
वहीं मंजू लता मीणा ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपनी उस टिप्पणी का बचाव किया, जो उन्होंने कथित 'वोट चोरी' के खिलाफ पार्टी की एक रैली के दौरान की थी। कांग्रेस नेता ने कहा कि वह सिर्फ वोट चोरी को लेकर जनता का गुस्सा दिखा रही थीं, और PM ने अब तक किसी असली मुद्दे पर बात नहीं की है।
जयपुर महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष मीना ने कहा, 'वोटों में धांधली को लेकर जनता में बहुत गुस्सा है। उन्होंने (BJP) वोटों में धांधली करके ये सरकारें बनाई हैं, और चुनाव आयोग भी उनके निर्देशों के अनुसार काम कर रहा है। वह (PM मोदी) रोजगार, युवाओं, महिलाओं या किसानों के बारे में बात नहीं करते हैं। वह मुद्दों से ध्यान भटकाते हैं।'
इस बयान की भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कड़ी आलोचना की है और कहा है कि पार्टी में PM का अपमान करना और उन्हें धमकाना आम बात हो गई है। BJP नेता शहजाद पूनावाला ने ANI से कहा, 'यह रैली वोट चोरी की नहीं, बल्कि चोरी और धमकियों की है। यह रैली SIR के लिए नहीं, बल्कि संविधान पर जंग है। जिस तरह से कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी के कहने पर कहा कि 'मोदी तेरी कब्र खुदेगी, आज नहीं तो कल खुदेगी' इससे पता चलता है कि उनका मकसद परिवार के हितों को संविधान से ऊपर रखना है। वे संवैधानिक संस्थाओं को खत्म करना चाहते हैं।' उन्होंने कहा, 'यह कोई अकेली घटना नहीं है; ऐसी 150 और घटनाएं हैं जहां कांग्रेस ने PM मोदी का अपमान किया है या उन्हें धमकी दी है।'
