देश

'आतंकियों को नहीं बख्शा जाएगा'; पहलगाम हमले पर बोले PM मोदी, आतंकवाद से लड़ाई और होगी मजबूत

Pahalgam Terror Attack: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की निंदा की। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों को बख्शा नहीं जाएगा, उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी। इस हमले में कम से कम एक पर्यटक की मौत हुई है और अन्य 20 घायल बताए जा रहे हैं।

Image

पीएम मोदी (फोटो साभार: @BJP4India)

Photo : Twitter

Pahalgam Terror Attack: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की निंदा की। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों को बख्शा नहीं जाएगा, उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा करता हूं, इस जघन्य कृत्य के पीछे जो लोग हैं, उन्हें न्याय के कठघरे में लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आतंकवाद से लड़ने का हमारा संकल्प अडिग है, यह और भी मजबूत होगा।

आतंकियों ने पर्यटकों पर अंधाधुंध बरसाईं गोलियां

अमरनाथ यात्रा से ठीक पहले पहलगाम में मंगलवार को आतंकवादियों ने पर्यटकों को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध गोलियां बरसाईं जिसमें कम से कम एक पर्यटक की मौत हो गई और अन्य 20 घायल बताए जा रहे हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, हमला दोपहर करीब तीन बजे हुआ, जब आतंकवादी बैसरन घाटी में पहाड़ से नीचे उतरे और वहां पर्यटकों पर गोलीबारी शुरू कर दी। इस स्थान को लंबे हरे-भरे घास के मैदानों के कारण 'मिनी स्विट्जरलैंड' कहा जाता है।

PM मोदी ने क्या कुछ कहा?

पीएम मोदी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''उन्हें (आतंकवादियों को) बख्शा नहीं जाएगा। उनका नापाक एजेंडा कभी सफल नहीं होगा। आतंकवाद से लड़ने का हमारा संकल्प अडिग है तथा यह और भी मजबूत होगा।'' पीएम मोदी ने हमले में अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा, ''मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता प्रदान की जा रही है।''

पीएम मोदी ने हमले के बाद गृह मंत्री अमित शाह से बात की और उन्हें स्थिति से निपटने के लिए सभी उपयुक्त कदम उठाने को कहा। इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर मंगलवार को हुए आतंकी हमले के बाद कहा कि वह तुरंत श्रीनगर के लिए रवाना हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि घायलों को निकालने के लिए एक हेलीकॉप्टर भेजा गया है। उन्होंने बताया कि कुछ घायलों को स्थानीय लोग अपने खच्चरों पर लादकर घास के मैदानों से नीचे लाए। पहलगाम अस्पताल के एक चिकित्सक ने बताया कि 12 घायल पर्यटकों को वहां भर्ती कराया गया है और सभी की हालत स्थिर है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article