Pahalgam Terror Attack: पीपुल्स कॉन्फ्रेंस पार्टी प्रमुख सज्जाद लोन ने पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की निंदा की। उन्होंने कहा कि आतंकवादी हमारे बच्चों के और आने वाली पीढ़ियों के दुश्मन हैं। उन्होंने कहा कि जहन्नुम की आग में आतंकवादी जलेंगे और जो लोग इनका समर्थन कर रहे हैं वो भी जहन्नुम की आग में जलेंगे।
आतंकियों ने पर्यटकों पर अंधाधुंध बरसाईं गोलियां
अमरनाथ यात्रा से ठीक पहले पहलगाम में मंगलवार को आतंकवादियों ने पर्यटकों को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध गोलियां बरसाईं जिसमें कम से कम एक पर्यटक की मौत हो गई और अन्य 20 घायल बताए जा रहे हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, आतंकवादी हमला बैसरन घाटी में हुआ जहां पर पैदल या तो खच्चरों की मदद से पहुंचा जा सकता है।
सज्जाद लोन ने क्या कुछ कहा?
सज्जाद लोन ने कहा कि आतंकवादियों से बड़ा कश्मीरियों का कोई दुश्मन नहीं हो सकता... उनकी जंग कश्मीरियों के आतिथ्य के खिलाफ है... वे चाहते हैं कि पर्यटक कश्मीर छोड़ दें और कश्मीरियों के पास आजीविका का कोई स्रोत न हो। वे हमारे बच्चों और आने वाली पीढ़ियों के दुश्मन हैं। वे आतंकवादी हैं। निहत्थे पर्यटकों को निशाना बनाना सबसे बड़ा पाप है। वह जहन्नुम की आग में जलेंगे।
CM अब्दुल्ला ने जताया दुख
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने आतंकवादी हमले की निंदा की। उन्होंने कहा, "मैं अविश्वसनीय रूप से स्तब्ध हूं। हमारे आगंतुकों पर यह हमला घृणित है। इस हमले के अपराधी जानवर, अमानवीय हैं और घृणा के लायक हैं। इसकी निंदा के लिए कोई भी शब्द पर्याप्त नहीं है। मैं मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।"
आतंकवादी हमला ऐसे समय में हुई है जब सालों तक आतंकवाद से जूझने के बाद कश्मीर में पर्यटकों की संख्या में भारी वृद्धि देखी जा रही है। साथ ही 38 दिवसीय अमरनाथ तीर्थयात्रा तीन जुलाई से शुरू होनी है। अधिकारियों ने बताया कि घायलों को निकालने के लिए एक हेलीकॉप्टर भेजा गया है। उन्होंने बताया कि कुछ घायलों को स्थानीय लोग अपने खच्चरों पर लादकर घास के मैदानों से नीचे लाए।
