Pahalgam Terror Attack: पहलगाम आतंकी हमले के लगभग 5 माह बाद सुरक्षाबलों को एक बड़ी कामयाबी मिली है। सुरक्षाबलों ने बुधवार को पहलगाम हमले में आतंकियों की मदद करने वाले एक शख्स को गिरफ्तार किया है जिसकी पहचान लश्कर-ए-तैयबा के मोहमद यूसुफ कटारिया के तौर पर हुई है।
पहलगाम आतंकी हमले के 5 माह बाद सुरक्षाकर्मियों को मिली बड़ी कामयाबी (फाइल फोटो साभार: AP)
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मोहम्मद यूसुफ कटारिया पर पहलगाम हमले के आतंकियों को लॉजिस्टिक मुहैया कराने के आरोप हैं और उसकी भूमिका की जांच की जा रही है। ऑपरेशन महादेव में जब्त हथियारों के विश्लेषण के बाद उसकी गिरफ्तारी हुई है। पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में 26 निर्दोष व्यक्तियों की मौत हुई थी। गिरफ्तार आतंकवादी सहयोगी दक्षिण कश्मीर का बताया जा रहा है जिसकी गिरफ्तारी कुलगाम से हुई है।
आतंकी का मददगार गिरफ्तार
एक अधिकारी ने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर श्रीनगर पुलिस ने दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले से आतंकियों के सहयोगी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। उसकी पहचान मोहम्मद यूसुफ कटारिया (26) के रूप में हुई है। अधिकारियों ने कहा कि गिरफ्तार व्यक्ति की पहलगाम हमले में शामिल आतंकवादियों को रसद सहायता प्रदान करने में भूमिका थी। इन आतंकवादियों को ‘ऑपरेशन महादेव’ के दौरान ढेर कर दिया गया था।
सनद रहे कि सेना के विशिष्ट पैरा कमांडो ने 29 जुलाई को मुठभेड़ के दौरान श्रीनगर के बाहरी इलाके में तीन आतंकवादियों को मार गिराया था। मारे गए आतंकियों में सुलेमान उर्फ आसिफ भी शामिल था, जिसे 22 अप्रैल के पहलगाम हमले का मुख्य साजिशकर्ता माना जाता है। अन्य दो की पहचान जिबरान और हमजा अफगानी के रूप में हुई है। जिबरान अक्टूबर 2024 में सोनमर्ग सुरंग हमले में भी शामिल था। पहलगाम हमले में 26 लोगों की मौत हो गई थी।
