Tejashwi Yadav news : बिहार के डिप्टी सीएम एवं राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता तेजस्वी यादव को अपने निर्वाचन क्षेत्र राघोपुर में ही लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा है। दरअसल, तेजस्वी गुरुवार को बिदुपुर प्रखंड के चेचर गांव में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का उद्घाटन करने पहुंचे थे। इसी दौरान लोगों ने उनके खिलाफ नारेबाजी की। लोगों ने 'जय श्री राम, मोदी-मोदी और बागेश्वर वाले बाबा' के नारे लगाए।
राघोपुर में तेजस्वी यादव का हुआ विरोध।
'भाजपा को रास नहीं आ रहा तेजस्वी का काम'
तेजस्वी के खिलाफ हुए इस विरोध पर आरजेडी के पूर्व मंत्री शिवचंद्र राम ने कहा कि तेजस्वी यादव जिस तरीके से राघोपुर और पूरे बिहार का विकास कर रहे हैं वो विरोधियों को रास नहीं आ रहा है। इस विकास से भाजपा को तकलीफ हो रही है। आरजेडी नेता ने कहा कि यह सब भाजपा के इशारे पर हुआ है।
वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का उद्घाटन करने पहुंचे थे तेजस्वी
दरअसल, बिहार के उपमुख्यमंत्री और राघोपुर के विधायक तेजस्वी यादव अपने चुनाव क्षेत्र में एक वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का उद्घाटन करने के लिए पहुंचे थे, जहां अपने ही क्षेत्र में तेजस्वी यादव को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। क्षेत्र की जनता ने तेजस्वी यादव के सामने ही नरेंद्र मोदी जिंदाबाद, मोदी-मोदी और जय श्रीराम के नारे के साथ बाबा बागेश्वर का भी जयकारा लगाया।
पटना में 23 जून को है विपक्ष की बैठक
इससे पहले तेजस्वी ने नीतीश कुमार के बयान पर प्रतिक्रिया दी। वह सीएम नीतीश कुमार द्वारा लोकसभा चुनाव समय से पहले होने की संभावना व्यक्त करने से सहमत नजर आए। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के युवा नेता तेजस्वी ने यह भी कहा कि बिहार में 23 जून को पटना में होने वाली विपक्ष दलों की बैठक के तुरंत बाद संभवत: होने वाला भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का कार्यक्रम भाजपा के "डर" को दर्शाता है। नीतीश कुमार ने बुधवार को एक सरकारी समारोह में समय से पहले चुनाव कराने की संभावना जताई थी, जिसमें तेजस्वी भी मौजूद थे।
