Tejashwi Yadav : दिल्ली पहुंचे राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। तेजस्वी से सीएम चेहरा के बारे में पूछे जाने पर कहा कि महागठबंधन के सभी दल मिलकर सर्वसम्मति से सीएम चेहरे की घोषणा करेंगे। राजद ने दावा किया बिहार में इस बार एनडीए की सरकार नहीं बनेगी। तेजस्वी ने कहा कि बिहार में अब एनडीए की सरकार नहीं बनने वाली। उन्होंने कहा 'नीतीश जी हाईजैक हो चुके हैं।'
खरगे-राहुल से मुलाकात करते राजद नेता तेजस्वी यादव।
पटना में 17 को होगी अगली बैठक-तेजस्वी
मुलाकात के बाद तेजस्वी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि महागठंधन के दलों के साथ अगली बैठक 17 अप्रैल को पटना में होगी। एनडीए पर हमला बोलते हुए बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा कि नीतीश के 20 साल के शासन के बाद भी यह राज्य सबसे गरीब है। यहां लोगों की प्रतिव्यक्ति और किसानों की आय सबसे कम है। यहां से पलायन की दर सबसे ज्यादा है।
'हम बिहार को आगे ले जाएंगे'
राजद नेता ने कहा, 'कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के साथ हमारी सकारात्मक बातचीत हुई है। पटना में 17 अप्रैल को हम एक बार फिर मिलेंगे। चुनाव का सामना करने के लिए हम लोग पूरी तरह से तैयार हैं और हम बिहार को आगे ले जाना चाहते हैं। एनडीए के 20 साल के शासन के बावजूद बिहार सबसे गरीब राज्य बना हुआ है। हम मुद्दों पर चुनाव लड़ेंगे। सरकार की नाकामियों को उजागर करना हमारा दायित्व है।'
गठबंधन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई
सूत्रों का कहना है कि इस बैठक में बिहार विधानसभा चुनाव के लिए सीटों के तालमेल समेत गठबंधन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। खरगे के आवास पर हुई इस बैठक में कांग्रेस के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल, कांग्रेस के बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरू और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश कुमार तथा राजद नेता मनोज झा और संजय यादव भी उपस्थित थे। बिहार में इस साल अक्टूबर नवंबर में विधानसभा चुनाव होने हैं।
