टीबी मुक्त भारत अभियान के बीच मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में टीबी के मामलों में लगातार बढ़ोतरी की रिपोर्ट पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने इस मामले में मध्य प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
भोपाल में बढ़े टीबी के मरीज।
मानवाधिकार आयोग के मुताबिक, मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि भोपाल में पंजीकृत टीबी मरीजों की संख्या वर्ष 2022 में 10,773 थी, जो 2024 में बढ़कर 12,850 हो गई। इस तरह दो साल में मरीजों की संख्या में करीब 19 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। आयोग ने यह भी संज्ञान लिया कि मध्य प्रदेश आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार, वर्ष 2024 में राज्य में पंजीकृत 1.77 लाख टीबी मरीजों में से केवल 1.43 लाख मरीजों को सरकारी पोषण योजना के तहत 1,000 रुपये प्रति माह की आर्थिक सहायता की एक किस्त मिली। रिपोर्ट के मुताबिक, बाकी मरीजों को एक भी किस्त नहीं मिली।
NHRC ने कहा कि यदि मीडिया रिपोर्ट में सामने आए तथ्य सही हैं, तो यह मानवाधिकारों के उल्लंघन से जुड़े गंभीर मुद्दे उठाते हैं। इसी आधार पर आयोग ने मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव से मामले पर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2025 में पूरे मध्य प्रदेश में टीबी के करीब 1.72 लाख मामले और 4,733 मौतें दर्ज की गईं।
