तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने मंगलवार को शिवगंगा में हिरासत में हुई 29 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत की जांच CBI को सौंपने का आदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें यह जानकर दुख हुआ कि पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए अजित कुमार की तिरुप्पुवनम में रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। उन्होंने एक बयान में कहा, 'यह अनुचित है और इसे माफ नहीं किया जा सकता।'
तमिलनाडु सिक्योरिटी गार्ड अजीत कुमार मौत (फाइल फोटो)
उन्होंने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक को अनिवार्य प्रतीक्षा में रखा गया है, जबकि एक डीएसपी को निलंबित किया गया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने मृतक के परिवार से बात की और उन्हें न्याय सुनिश्चित करने के लिए एक ईमानदार व पारदर्शी जांच का आश्वासन दिया। स्टालिन ने कहा, 'मद्रास उच्च न्यायालय की मदुरै पीठ ने मामले की सीबी-सीआईडी जांच की अनुमति दे दी है।
पांच पुलिसकर्मियों पर आरोप लगे हैं
हालांकि, पांच पुलिसकर्मियों पर आरोप लगे हैं, इसलिए जांच को लेकर कोई आशंका न रहे, यह सुनिश्चित करने के लिए मैंने मामले की जांच सीबीआई को सौंपने का निर्देश दिया है।'
'तिरुप्पुवनम में कुछ पुलिसकर्मियों की हरकतें अक्षम्य'
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सीबीआई को पूरा सहयोग देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने हमेशा इस बात पर जोर दिया है कि पुलिसकर्मियों को मानवीय तरीके से व्यवहार करना चाहिए। उन्होंने कहा, 'तिरुप्पुवनम में कुछ पुलिसकर्मियों की हरकतें अक्षम्य हैं। मैं चेतावनी देना चाहता हूं कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।'
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
