Tamil Nadu Road Accident: तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली जिले में रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
तमिलनाडु में भीषण सड़क हादसा
बताया जा रहा है कि हादसा थुरैयूर-मुसिरी हाईवे पर हुआ, जहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मृतकों की पहचान तिरुचिरापल्ली के महाराजापुरम निवासी मणिकम, मुरुगन, राजेश, शक्तिवेल (42) और सुब्रमणि; तंजावुर जिले के सथानूर निवासी संगिली तथा विल्लुपुरम जिले के पवदाई (50) और सीतारमन के रूप में हुई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
जिला पुलिस अधीक्षक (SP) के मुताबिक, कार की पेड़ से टक्कर के कारण आठ लोगों की जान चली गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया दुख
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भीषण सड़क हादसे पर दुख जताया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली जिले में सड़क हादसे में लोगों की जान जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।"
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से जारी बयान में कहा गया कि पीएम मोदी हादसे में हुई मौतों से बेहद दुखी हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: पाकिस्तानी मंत्री के भारत दौरे के बीच शशि थरूर ने पड़ोसी PAK को दिया बड़ा मैसेज
मुआवजे का ऐलान
प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से दो-दो लाख रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया। वहीं, हादसे में घायल हुए लोगों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। फिलहाल पुलिस हादसे की जांच कर रही है। दुर्घटना के पीछे की वजहों का पता लगाया जा रहा है।
