Tamil Nadu: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन अपने बेटे और राज्य के युवा कल्याण एवं खेल मंत्री उदयनिधि स्टालिन को जल्दी ही उपमुख्यमंत्री पद पर प्रोन्नत कर सकते हैं। सूत्रों ने कहा कि मुख्यमंत्री स्टालिन के 22 अगस्त को अमेरिका यात्रा पर रवाना होने से पहले उदयनिधि को उपमुख्यमंत्री बनाया जाएगा। जब स्टालिन के पिता एम. करुणानिधि मुख्यमंत्री थे तो वर्ष 2009 में स्टालिन को उपमुख्यमंत्री नियुक्त किया गया था। इसके बाद स्टालिन तमिलनाडु की राजनीति में बड़े नेता के रूप में उभरे थे।
जल्द ही तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री बन सकते है उदयनिधि स्टालिन
द्रमुक सूत्रों ने कहा कि 2026 के विधानसभा चुनाव में उदयनिधि स्टालिन पार्टी का चेहरा हो सकते हैं। द्रमुक पार्टी कैडर और नेता उदयनिधि को उपमुख्यमंत्री के रूप में प्रोन्नति चाहते हैं। उनका मानना है कि इस कदम से पार्टी को 2026 के विधानसभा चुनाव में लाभ मिल सकता है। लोकसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद उदयनिधि को उपमुख्यमंत्री नियुक्त किए जाने की तैयारी थी, लेकिन कल्लाकुरचि शराब त्रासदी के कारण द्रमुक एवं स्टालिन ने अपने बेटे उदयनिधि को उपमुख्यमंत्री बनाने की योजना टाल दी थी। कल्लाकुरचि शराब त्रासदी में 65 लोगों की जान गई थी। वहीं, उदयनिधि स्टालिन सनातन धर्म के खिलाफ भी विवादित टिप्पणी कर चुके हैं।
बता दें, सनातन धर्म के विरुद्ध विचार व्यक्त करने के लिए उदयनिधि के विरुद्ध आपराधिक कार्रवाई में कुछ समय पहले ही उदयनिधि स्टालिन को बेल मिली है। अगली सुनवाई अब 8 अगस्त को होगी। बता दें, इस मामले में उदयनिधि स्टालिन, कार्यक्रम कोऑर्डिनेटर और तीन अन्य सहित चार व्यक्तियों के विरुद्ध मामला दायर किया गया था। उच्च न्यायालय ने आपराधिक कार्रवाई करने के विरुद्ध अंतरिम रोक आदेश पहले ही जारी कर दिया था। उदयनिधि स्टालिन ने सितंबर 2023 में एक सम्मेलन में कहा था कि सनातन धर्म सामाजिक न्याय व समानता के खिलाफ है तथा उसका खात्मा किया जाना चाहिए। इस बयान की विभिन्न वर्गों के लोगों ने कड़ी आलोचना की थी।
