Swati Maliwal Case News and Update: दिल्ली महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष व आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल के साथ मारपीट का मामला सामने आने के बाद दिल्ली पुलिस ने अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है। गुरुवार को स्वाति मालीवाल ने अरविंद केजरीवाल के पीए विभव कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। सूत्रों का कहना है कि इसके तुरंत बाद पुलिस की एक टीम देर रात बिभव कुमार के घर पहुंची, हालांकि वह घर पर नहीं मिले। घर पर उनकी पत्नी मौजूद थीं।
स्वाति मालीवाल मामले में पुलिस की जांच शुरू
अधिकारियों का कहना है कि स्वाति मालीवाल के मामले में टाइमलाइन सीक्वेंस बनाकर जांच की जा रही है। इसके हिसाब से ही दिल्ली पुलिस सीसीटीवी फुटेज को भी खंगालेगी और मामले की तह तक जाने का प्रयास करेगी। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में दिल्ली पुलिस ने करीब 10 टीमें बनाई हैं, जो मामले की जांच कर रही हैं। इनमें से 4 टीमों को बिभव की लोकेशन का पता लगाने का जिम्मा दिया गया है।
स्वाति मालीवाल का कराया गया मेडिकल
स्वाति मालीवाल की ओर से शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद सबसे पहले दिल्ली पुलिस ने उनका मेडिकल कराया। इसके लिए पुलिस उन्हें एम्स ले गई, जहां करीब 4 घंटे तक मालीवाल रहीं। रात करीब 3 बजकर 15 मिनट पर स्वाति मालीवाल को एम्स से उनके घर वापस भेजा गया। उधर, राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी इस पूरे मामले का स्वत: संज्ञान लिया है और बिभव कुमार को आज 11 बजे तक पेश होने का निर्देश दिया है।
बुरी तरह हुई स्वाति मालीवाल के साथ पिटाई
स्वाति मालीवाल ने पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत में कहा है कि जब वह मुख्यमंत्री आवास के ड्राइंग रूम में इंतजार कर रही थीं, तो उनके निजी सचिव बिभव कुमार आए और बिना किसी उकसावे के उन्हें थप्पड़ मारा और उनके पेट पर मुक्के भी मारे। उन्होंने कहा, बिभव आया और मुझे गाली देना शुरू कर दिया। बिना किसी उकसावे के उसने मुझे बार-बार थप्पड़ मारे। मैं चिल्लाती रही, उससे रुकने और मुझे जाने देने की विनती करती रही, लेकिन वह मेरे साथ मारपीट करता रहा। उसने 'देख लेंगे, निपटा देंगे' जैसी बातें कहते हुए धमकियां दीं। उसने मेरी छाती, चेहरे, पेट और मेरे शरीर के निचले हिस्से पर वार किया। मैंने उसे बताया कि मैं मासिक धर्म से गुजर रही हूं और काफी दर्द में हूं, मैंने उससे वहां से चले जाने की गुहार लगाई। आखिरकार, मैं भागने में सफल रही और कमरे से बाहर जाकर मदद के लिए पुलिस को बुलाया।
