Sukhbir Badal Attacked: महाराष्ट्र के नांदेड़ में गुरुद्वारे के अंदर हमले का शिकार हुए शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। बता दें कि उन पर गुरुद्वारे में 62 वर्षीय जसपाल सिंह ने हमला किया था। घटना के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सुखबीर सिंह बादल के दाहिने हाथ पर चोट आई थी। नांदेड़ के माता साहिब कौर इलाके के एक गुरुद्वारे में एक निहंग ने धारदार हथियार (जिसे कृपाण बताया जा रहा है) से हमला किया।
अस्पताल से डिस्चार्ज हुए सुखबीर बादल। PTI
‘पंजाब की शांति भंग करना है मकसद’
अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद सुखबीर बादल ने हमले को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी और कहा कि वह न तो पहले कभी डरे हैं और न ही अब डरेंगे। सुखबीर सिंह बादल ने आरोप लगाया कि हमले के पीछे पंजाब में हालात को अपने नियंत्रण में लेने और राज्य की शांति भंग करने की कोशिश हो सकती है। उन्होंने कहा कि अकाली दल के अध्यक्ष के तौर पर वह पंजाब की शांति को किसी भी कीमत पर प्रभावित नहीं होने देंगे।
उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल पंजाब के भाईचारे और गौरव के लिए प्रतिबद्ध है। पार्टी कोई भी बलिदान देने को तैयार है, लेकिन पंजाब की प्रगति के साथ-साथ सामुदायिक और धार्मिक सद्भाव उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
‘दोनों बार पवित्र स्थान पर हमला हुआ’
सुखबीर बादल ने अपने बयान में इस बात पर भी जोर दिया कि उन पर दोनों बार हमले पवित्र धार्मिक स्थलों पर हुए। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद वह भयभीत नहीं हैं। उनका कहना है कि पंजाब की शांति और धार्मिक सौहार्द को बनाए रखना जरूरी है और अकाली दल इसके लिए अपनी भूमिका निभाता रहेगा। बता दें कि इससे पहले 4 दिसंबर 2024 को अमृतसर के स्वर्ण मंदिर के बाहर भी एक जानलेवा हमला (गोली चलाने का प्रयास) हुआ था। इस दौरान भी वह बाल-बाल बचे थे।
