सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र राजभर के साथ उनके ही एक कार्यकर्ता ने खेला कर दिया। महेंद्र राजभर के एक कार्यक्रम में एक शख्स ने पहले भाषण दिया, फिर माला पहनाया और फिर एक के बाद एक कई चाटे जड़ दिए। लोग जबतक समझ पाते कार्यकर्ता 15-20 थप्पड़ मार चुका था।
सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र राजभर को कार्यकर्ता ने मारे थप्पड़
ये भी पढ़ें- सोनम किसी की नहीं हुई- न राज की और न राजा की! न बहन बनी-न पत्नी, बनी तो बेवफा; प्रेमी से लेकर पति तक सब को दिया धोखा
जौनपुर जिले में महेंद्र राजभर पर थप्पड़ों की बरसात
मिली जानकारी के अनुसार जौनपुर जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र में महाराजा सुहेलदेव के विजय दिवस पर आयोजित एक समारोह में मंगलवार को सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र राजभर को एक कार्यकर्ता ने माला पहनाने के बाद ताबड़तोड़ कई थप्पड़ जड़ दिये। इस घटना का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। घटना जौनपुर के जलालपुर थाना क्षेत्र के आशापुर गांव की है, जहां सुहेलदेव के विजय दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र राजभर को उनके साथी बृजेश राजभर ने भरी सभा में माला पहनाने के बाद ताबड़तोड़ कई थप्पड़ जड़ दिये। उसके बाद कार्यक्रम में हलचल मच गई।
ओम प्रकाश राजभर पर लगाया आरोप
राजभर बाहुल्य जफराबाद विधानसभा क्षेत्र में यह कार्यक्रम सम्राट सुहेलदेव की प्रतिमा के स्थापना के लिए भूमि पूजन हेतु आयोजित था। कार्यक्रम में महेंद्र राजभर मुख्य अतिथि बनाये गए थे। घटना के बाद महेंद्र राजभर ने आरोप लगाया, ‘‘मेरे ऊपर हमला उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर द्वारा कराया गया है।’’
महेंद्र राजभर ने थप्पड़कांड पर क्या कहा
घटना के बाद महेंद्र राजभर कार्यक्रम छोड़कर चले गए। बाद में जलालपुर थाना जाकर उन्होंने शिकायत की। उसके बाद पत्रकारों से बातचीत में महेंद्र राजभर ने कहा,‘‘ चार-पांच दिन पहले हमलावर बृजेश प्रदेश के मंत्री ओमप्रकाश राजभर से मिला था, वहीं इस हमले की साजिश रची गई। मेरे ऊपर हमला मंत्री ओमप्रकाश राजभर द्वारा कराया गया है। बृजेश राजभर उनकी पार्टी में पहले कार्यकर्ता था, लेकिन अब कोई पदाधिकारी नहीं है। वह कैसे इस कार्यक्रम में आया, किसने उसे बुलाया मैं नहीं जानता। पार्टी में न तो कोई मनमुटाव था, न तो कोई पैसे का विवाद था।’’
पुलिस में दी शिकायत
उन्होंने कहा कि हमले के लिए दर्जनों लोग आए थे परंतु बृजेश ने ही हमला किया तथा उसी के खिलाफ नामजद तहरीर थाने में दी गयी है। इस बीच जलालपुर के थाना प्रभारी त्रिवेणी सिंह ने बताया कि घटना के सम्बंध में महेंद्र राजभर ने थाने में तहरीर दी है। उन्होंने कहा कि इस घटना का वायरल वीडियो भी संज्ञान में आया है तथा घटना की जांच चल रही है।
कभी ओपी राजभर के थे खास
महेंद्र राजभर ने 2022 के विधानसभा चुनाव के पहले सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) से अलग हो गए थे और बाद में उन्होंने अपनी पार्टी बनायी थी। उस समय वह सुभासपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष थे। महेंद्र राजभर ने सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा था कि वह पार्टी के अभियान से भटक चुके हैं और अपने व्यक्तिगत अभियान के तहत धन बटोरने के चक्कर में लगे हुए हैं। ओम प्रकाश राजभर ने 27 अक्टूबर 2002 को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की स्थापना की, तब महेंद्र राजभर प्रमुख संस्थापक सदस्यों में से एक थे। वर्ष 2017 विधानसभा चुनाव में मऊ सदर से सुभासपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महेंद्र राजभर को भाजपा-सुभासपा गठबंधन का प्रत्याशी बनाया गया था, जिन्होंने बाहुबली मुख्तार अंसारी के खिलाफ चुनाव लड़ा था। हालांकि, वह मुख्तार अंसारी से कांटे की टक्कर में महज छः हजार वोट से चुनाव हार गए थे।
