राज्यसभा सांसद सुधा मूर्ति के साथ फ्रॉड की कोशिश की गई है। सुधा मूर्ति पर दवाब बनाकर उनकी निजी जानकारी हासिल करने की कोशिश के मामले में अब पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सुधा मुर्ति के साथ साइबर फ्रॉड की कोशिश (फोटो- PTI)
सुधा मूर्ति ने दर्ज कराई एफआईआर
दरअसल सुधा मूर्ति ने साइबर क्राइम पुलिस थाने में एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। एफआईआर के अनुसार, 5 सितंबर को एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके मोबाइल फोन पर कॉल किया और खुद को दूरसंचार विभाग का कर्मचारी बताया। उसने उन्हें बताया कि उनका मोबाइल नंबर आधार से लिंक नहीं है और यह भी बताया कि उनके अश्लील वीडियो वायरल हो गए हैं, जिसके चलते दूरसंचार विभाग उनकी मोबाइल सेवाएं बंद करने वाला है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66सी (पहचान की चोरी), 66डी (प्रतिरूपण द्वारा धोखाधड़ी) और 84सी (अपराध करने का प्रयास) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। एफआईआर में कहा गया है कि मामले की जांच जारी है।
2024 में बनी हैं राज्यसभा सांसद
बता दें कि मार्च 2024 में, सुधा मूर्ति को सामाजिक कार्य, साहित्य और शिक्षा में उनके योगदान के लिए भारत के राष्ट्रपति द्वारा राज्यसभा के लिए नामित किया गया था। मूर्ति ने 14 मार्च को संसद भवन में अपने पति एन आर नारायण मूर्ति की उपस्थिति में शपथ ली। वह कन्नड़ और अंग्रेजी में कई पुस्तकों की लेखिका हैं।
