‘ऑपरेशन लोटस' के 105 दिन बाद विशेष सत्र', रमेश का सरकार पर आरोप, बोले-यह संविधान का अपमान

रमेश की पोस्ट को टैग करते हुए कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने X पर कहा, 'बिल्कुल। लड़ाई जारी है- भारतीय लोकतंत्र को बचाने, भारत की एकता की रक्षा करने और हमारी संसद की गरिमा बचाने की लड़ाई।' कांग्रेस महासचिव (संगठन) के सी वेणुगोपाल ने कहा, 'वे वोट चोर हैं। वे सीट चोर हैं।

Special Session : कांग्रेस ने बुधवार को आरोप लगाया कि नरेन्द्र मोदी सरकार ने संविधान दिवस के मौके पर संसद का 'विशेष सत्र' बुलाने की घोषणा की क्योंकि उसे उम्मीद है कि इस दौरान वह संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए 'महाकलंकित दो-तिहाई बहुमत’ हासिल कर लेगी। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने X पर पोस्ट कर यह दावा भी किया कि ’ऑपरेशन लोटस’ के 105 दिन बाद सरकार ने विशेष सत्र बुलाने की घोषणा की गई है। 'ऑपरेशन लोटस’ से रमेश का संकेत पिछले कुछ दिनों में कुछ विपक्षी पार्टियों के सांसदों द्वारा पाला बदले जाने की ओर है।

Ramesh

कांग्रेस नेता जयराम रमेश।

कांग्रेस ने इसे संविधान पर हमला बताया

उन्होंने सवाल किया कि क्या संविधान का इससे बड़ा अपमान और उस पर इससे बड़ा हमला हो सकता है? उन्होंने कहा कि 14 अप्रैल 2026 को आंबेडकर जयंती की शाम मोदी सरकार ने परिसीमन विधेयकों को सार्वजनिक किया था, जिन्हें 17 अप्रैल की रात अपने अंजाम तक पहुंचना पड़ा। रमेश ने सरकार के इस कदम पर सवाल उठाते हुए इसे संविधान का अपमान और उस पर हमला करार दिया। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर लड़ाई जारी रहेगी।

थरूर ने X पर कहा, 'बिल्कुल, लड़ाई जारी है

रमेश की पोस्ट को टैग करते हुए कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने X पर कहा, 'बिल्कुल। लड़ाई जारी है- भारतीय लोकतंत्र को बचाने, भारत की एकता की रक्षा करने और हमारी संसद की गरिमा बचाने की लड़ाई।' कांग्रेस महासचिव (संगठन) के सी वेणुगोपाल ने कहा, 'वे वोट चोर हैं। वे सीट चोर हैं। इसमें कोई संदेह नहीं है कि उनका परिसीमन विधेयक संसद की चोरी की कवायद से ज्यादा कुछ नहीं होगा।' उन्होंने X पर कहा, 'संविधान दिवस पर संविधान की इस हत्या की साजिश रचना दिखाता है कि वे हमारी अनमोल लोकतांत्रिक व्यवस्था का मखौल उड़ाना चाहते हैं। हम इसे पारित नहीं होने देंगे।'

लोकसभा की बैठक 30 नवंबर

दरअसल, सरकार ने महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों को पारित कराने की संभावनाओं के बीच मानसून सत्र के लिए लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक दो दिसंबर से फिर बुलाने का फैसला किया है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि दोनों सदनों की बैठक तीन दिसंबर को समाप्त हो सकती है। बाद में लोकसभा सचिवालय ने कहा कि अठारहवीं लोकसभा के आठवें सत्र का दूसरा चरण सोमवार, 30 नवंबर 2026 से प्रारंभ होगा।

13 अगस्त को मानसून का सत्रावसान नहीं हुआ

उसने यह भी कहा कि सरकारी कार्य की आवश्यकताओं के अधीन सत्र का समापन बृहस्पतिवार, तीन दिसंबर 2026 को होने की संभावना है। संसद के मानसून सत्र के तहत दोनों सदनों की बैठक 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी। हालांकि, इसके बाद सत्रावसान नहीं हुआ था। कांग्रेस ने सरकार द्वारा दोनों सदनों की बैठक बुलाने के कदम को संविधान का अपमान करार दिया और आरोप लगाया कि ’ऑपरेशन लोटस’ के 105 दिन बाद संसद की विशेष बैठक बुलाने का फैसला किया गया है।

End Article
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी ...

End of Feed