Indira Gandhi Death Anniversary : पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर पूरा देश आज उन्हें नमन कर रहा है। कांग्रेस नेता भी उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी शनिवार सुबह राजघाट स्थित शक्ति स्थल पहुंचे और इंदिरा गांधी को श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि देने वालों में कांग्रेस के अन्य नेता एवं कार्यकर्ता भी शामिल थे।
कांग्रेस नेताओं ने दी इंदिरा गांधी को श्रद्धांजलि।
31 अक्टूबर 1984 को हुई इंदिरा की हत्या
बता दें कि 31 अक्टूबर 1984 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की उनके ही दो सुरक्षा गार्डों ने नई दिल्ली स्थित आवास पर गोली मारकर हत्या कर दी थी। सुबह करीब 9:10 बजे जब वह अपने कार्यालय की ओर जा रही थीं, तभी उनके अंगरक्षक बेअंत सिंह और सतवंत सिंह ने उन पर गोलियां चला दीं। उन्हें तत्काल एम्स ले जाया गया, जहां उसी दिन उनकी मृत्यु हो गई। इस घटना से कुछ महीने पहले जून 1984 में स्वर्ण मंदिर परिसर में सेना ने ऑपरेशन ब्लू स्टार चलाया था। इसे हत्या की पृष्ठभूमि से जोड़कर देखा गया। उनकी हत्या के बाद देशभर में सिख विरोधी हिंसा भड़क उठी।
